चंडीगढ़ | हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने प्रदेशभर में 6 हजार नए राशन डिपो खोलने का खाका तैयार किया है. इस संबंध में विभाग ने पूरा प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय में स्वीकृति के लिए भेज दिया है. मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलते ही प्रदेशभर में नए राशन डिपो आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. यह योजना राज्य में बढ़ती आबादी और राशन कार्डधारकों की संख्या को देखते हुए तैयार की गई है.
हरियाणा में राशन डिपो का खाका तैयार
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री राजेश नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिलते ही राशन डिपो अलॉट कर दिए जाएंगे. इस योजना की सबसे अहम बात यह है कि नए राशन डिपो के आवंटन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा. 6 हजार नए राशन डिपो में से लगभग 2 हजार डिपो महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे. इस प्रक्रिया में विधवा महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल सके.
उन्होंने बताया कि अब हर गांव में 500 राशन कार्ड पर एक नया राशन डिपो खोला जाएगा. इससे दूर- दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी वार्डों में राशन वितरण व्यवस्था और सुदृढ़ होगी. नए राशन डिपो खुलने से लोगों को राशन के लिए लंबी लाइनों में खड़े होने से छुटकारा मिलेगा.
लगेंगे CCTV कैमरे
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि राशन डिपो पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की योजना बनाई गई है. इसका मुख्य मकसद उपभोक्ताओं को निष्पक्षता से राशन मिलना और राशन वितरण प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतों पर लगाम लगाना है. सीसीटीवी की निगरानी में राशन वितरण होने से डिपो होल्डर किसी तरह की गड़बड़ी नहीं कर पाएंगे. इन सीसीटीवी कैमरों का पूरा रिकॉर्ड खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला दफ्तर में होगा.
