अंबाला | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देशभर के कुछ चुनिंदा बच्चों के साथ परीक्षा पर चर्चा की. इस चर्चा में हरियाणा से एकमात्र छात्र अंबाला के गांव पत्रहेड़ी निवासी काव्यांश भी शामिल हुआ. इसके बाद परिजनों और स्कूल प्रशासन ने उनपर गर्व महसूस करते हुए इसे ऐतिहासिक पल बताया.
काव्यांश ने साझा किया अनुभव
काव्यांश ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ परीक्षा पर चर्चा के लिए उनका चयन हुआ था. उसे पहले ही पूरी जानकारी दी गई थी कि PM से कैसे मिलना है. इसके बाद जब प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई तो उन्होंने अपने बहुत से सवाल उनके सामने रखें और प्रधानमंत्री जी ने भी साधारण और उचित तरीके से उन सवालों का जवाब दिया, जो बहुत अच्छा लगा.
उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक अच्छे गुरु और परिजनों की तरह सभी बच्चों को समझाया कि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए किस तरह से अपने टाइम-टेबल को व्यवस्थित करना है. उन्होंने बताया कि परीक्षा को लेकर किसी भी तरह का तनाव अपने ऊपर नही लेना हैं. परीक्षा में कम या ज्यादा नंबर आपकी योग्यता साबित नहीं करते हैं. अपने कमजोर विषय पर थोड़ा सा ज्यादा फोकस रखें और साधारण दिनों की तरह पढ़ाई करते हुए परीक्षा में भाग लेंगे तो आप निश्चित रूप से अच्छे नंबरों से परीक्षा पास करेंगे.
स्कूल ने बताया गर्व का क्षण
शहजादपुर के मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल सुरिंदर सिंह ने बताया कि काव्यांश उनके स्कूल में कक्षा 12वीं में नॉन मेडिकल का स्टूडेंट हैं. उनके स्कूल के लिए यह गर्व की बात है कि उनके स्कूल के बच्चे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ परीक्षा पर चर्चा करने का सुनहरा अवसर मिला है.
