करनाल | हरियाणा के करनाल जिले में सराफा बाजार के निकट स्थित श्री सनातन धर्म शिव मंदिर अपनी आस्था और श्रद्धा के लिए काफी प्रसिद्ध है. करीब 129 फीट ऊंचे इस मंदिर को शक्तिपीठ कहा जाता है. इस मंदिर को देखने के लिए दूर- दूर से लोग आते है. मंदिर परिसर के प्रधान रमेश जिंदल ने बताया कि यह मंदिर उत्तर भारत के सबसे ऊंचे शिव मंदिरों मे गिना जाता है.

करनाल का अनोखा मंदिर
मंदिर के प्रमुख गर्भगृह में भगवान शिव की विशाल अष्टधातु से बनी प्रतिमा स्थापित है जो देखने वालों का मन मोह लेती है. खास बात यह है कि इस प्रतिमा की तीसरी आंख में एक चमकदार हीरा जुड़ा हुआ है जो इसे और भी अनोखा बनाता है. इस मंदिर का निर्माण 1975- 76 में हुआ था और यह सिद्ध पीठ के रूप में श्रद्धालुओं का मुख्य स्थल बन गया है.
आकर्षण का केंद्र
यह मंदिर 11 फीट लंबी और 8 फीट चौड़ी जगह में बना हुआ है, जो इसे ओर भी आकर्षक बनाता है. यह मंदिर 7 मंजिला है, जहां से शहर के कई हिस्से दिखाई देते है. यहां शिव प्रतिमा के साथ-साथ राम दरबार, भगवान विष्णु, राधा- कृष्ण, लक्ष्मी नारायण और शेरावली माता की प्रतिमाएं भी स्थापित है. मुख्य द्वार पर नटराज प्रतिमा देखने को मिलती है.
इस प्रतिमा को स्थानीय कलाकार बिग्रेडियर कपिल मोहन ने डिजाइन किया था और हर वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है. करनाल की महाशिवरात्रि पूरे उत्तर भारत में प्रसिद्ध है. विशेष अवसरों जैसे सोमवार, त्रयोदशी, नागपंचमी और शिवरात्रि के दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है.