खुशखबरी: जिला बनते ही हांसी को मिली पहली बड़ी सौगात, 96 करोड़ से चकाचक बनेगी यह सड़क

हांसी | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में NH- 148B के हिस्से हांसी- बरवाला सड़क मार्ग की 96 करोड़ रुपए से स्पेशल मरम्मत और चौड़ीकरण किया जाएगा. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने व वर्क अलॉट होने के बाद लगभग तीन महीने में इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा.

Road

हांसी को मिली पहली बड़ी सौगात

NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि हांसी बाईपास फ्लाईओवर से बरवाला बाईपास फ्लाईओवर तक इस सड़क की 10 फीट तक चौड़ाई बढ़ाई जाएगी जबकि अन्य हिस्से की चौड़ाई वर्तमान 23 फीट से बढ़ाकर लगभग 33 फीट की जाएगी. उन्होंने बताया कि रोड का चौड़ीकरण होगा तो दुर्घटना की संभावना कम हो जाएगी और रात के समय सफर करना सुरक्षित बनेगा.

पिछले साल मॉनसून सीजन के दौरान हुई भारी बारिश से भाटला और चानौत गांव के बीच सहित कई अन्य जगहों पर जलभराव से यह सड़क मार्ग बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका है. इस रास्ते पर बड़े- बड़े गड्ढे बन चुके हैं जिससे आए दिन दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है, लेकिन अब इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के साथ- साथ नए सिरे से निर्माण कर इसको चकाचक बनाया जाएगा ताकि लोगों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो सकें.

राजधानी चंडीगढ़ का सफर होगा सुहाना

यह सड़क हांसी जिले को चंडीगढ़, अंबाला और कैथल हाइवे से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है. फिलहाल इसकी खस्ताहाल स्थिति के चलते लोग जींद और कैथल होकर जाने को मजबूर हैं जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है. इस रोड के सुधारीकरण से इस रूट पर पड़ने वाले कुलाना, भाटला, चानौत, घिराय, सिंघवा, बधावड़, ढाणी खान बहादुर, ढाणी मीरदाद और राजली सहित अन्य गांवों के लोगों को भी बड़ी राहत पहुंचेगी. उनका सफर आरामदायक और सुरक्षित हो जाएगा.

हांसी- बरवाला सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने के साथ- साथ इसका नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जल्द ही, निर्माण कार्य पूरा कर लोगों को राहत दी जाएगी- राजेश पांडेय, साइट इंजीनियर, NHAI

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.