रोहतक | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि भिवानी- रोहतक रेलवे लाइन पर डोभभाली, लाहली और कलानौर स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग का कार्य चल रहा है. इस कार्य को 16 फरवरी तक पूरा करने का अनुमान जताया गया था लेकिन तकनीकी खामियों के चलते अब इस काम को पूरा करने की समय- सीमा 25 फरवरी तक बढ़ा दी गई है. रेलवे ने बताया है कि उपरोक्त कार्य के चलते 25 फरवरी तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.
रद्द ट्रेनों की सूची
भिवानी-रोहतक, रोहतक- भिवानी, रोहतक- हांसी, हांसी- रोहतक, हिसार- नई दिल्ली और नई दिल्ली- हिसार रूट की ट्रेनों का संचालन 25 फरवरी तक रद्द रहेगा.
वहीं, ट्रेन नंबर 54005, दिल्ली- भिवानी पैसेंजर ट्रेन दिल्ली से रवाना होकर रोहतक तक ही आएगी. यह ट्रेन रोहतक से भिवानी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी.
रूट डायवर्ट से संचालित होगी यह ट्रेनें
22 से 26 फरवरी तक ट्रेन नंबर 14731, दिल्ली- भटिंडा ट्रेन रूट डायवर्ट के चलते रोहतक- जाखल- भटिंडा होकर संचालित होगी और इस दौरान बीच रास्ते जींद और जाखल स्टेशन पर ठहराव करेगी.
22 से 25 फरवरी तक ट्रेन नंबर 14732, भटिंडा- दिल्ली ट्रेन भटिंडा से रवाना होकर रूट डायवर्ट के चलते भटिंडा- जाखल- रोहतक से होकर गुजरेगी और इस दौरान जाखल व जींद स्टेशन पर ठहराव करेगी.
ट्रेन की जांचें स्थिति
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है. ऐसे में यात्रियों से अपील है कि वे सफर पर निकलने से पहले ट्रेन की स्थिति की जांच कर लें और रूट डायवर्ट के हिसाब से अपनी यात्रा की योजना बनाएं. उन्होंने बताया कि उपरोक्त कार्य पूरा होते ही इन ट्रेनों को अपने पुराने शेड्यूल के हिसाब से संचालित किया जाएगा.
