गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम से वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी आने वाले दिनों में गुरुग्राम आने की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है.
5 दिन बंद रहेगी आवाजाही
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर बताया है कि सुल्तानपुर रोड पर फर्रूखनगर रेलवे फाटक का निर्माण कार्य किया जा रहा है. ऐसे में यहां सुरक्षा की दृष्टि और वाहनों के सुगम संचालन के लिए इस सड़क मार्ग पर 5 दिन तक आवाजाही बंद रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में वैकल्पिक रूट्स सुझाते हुए कहा है कि जो वाहन चालक गुरुग्राम के रास्ते फर्रूखनगर, झज्जर की ओर जाना चाहते हैं तो वे रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर से मुबारकपुर होते हुए झज्जर बाईपास का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़ सकेंगे.
जो वाहन चालक झज्जर व फर्रूखनगर से गुरुग्राम की ओर जाना चाहते हैं तो उन्हें झज्जर बाईपास से मुबारकपुर के रास्ते रामगोपाल कॉलेज सुल्तानपुर के रास्ते अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़ सकेंगे.
इस वैकल्पिक रूट का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जो वाहन चालक पटौदी- झज्जर KMP फ्लाईओवर के नीचे से गुरुग्राम की ओर जाना चाहते हैं वे KMP फ्लाईओवर से पटौदी पंचगांव के रास्ते गुरुग्राम का सफर कर सकेंगे. फर्रूखनगर से गुरुग्राम की ओर जाने वाले वाहन चालक बादली के रास्ते भी गुरुग्राम की ओर जा सकते हैं. ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मंगलवार यानि आज से अगले 5 दिन तक सुझाएं वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल कर अपनी यात्रा को सफल बनाएं.
