नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां ट्रैफिक पुलिस द्वारा दरियागंज ट्रैफिक सर्कल में तुर्कमान गेट क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के चलते आसफ अली रोड आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट, डिलाइट सिनेमा मार्ग) की एक तरफ की कैरिजवे बंद रहेगी. यह प्रतिबंध 26 फरवरी से शुरू हो चुका है और 12 मार्च तक बंद रहेगा.
उपरोक्त जगहों पर निर्माण कार्य की वजह से आसफ अली रोड और आसपास के सड़क मार्गों पर ट्रैफिक संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आमजन को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक रूट्स की जानकारी दी है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुझाएं वैकल्पिक रूट्स
हमदर्द चौक या कमला मार्केट से दिल्ली गेट जाने वाले वाहन चालकों को मिंटो रोड से डीडीयू मार्ग, बीएसजेड मार्ग होते हुए दिल्ली गेट चौक का रास्ता अपनाने की सलाह दी है. गुरु नानक चौक से आने वाले वाहन चालकों को मीरर्दर्द चौक से मीरर्दर्द मार्ग होते हुए बीजेडए मार्ग के जरिए दिल्ली गेट पहुंचने का सुझाव दिया है.
प्रभावित क्षेत्र
- आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट चौक तक)
- चमन लाल मार्ग
रेलवे यात्रियों को दी सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले लोगों को सलाह दी है कि वे यात्रा की योजना पहले से बना लें और अतिरिक्त समय लेकर घर से बाहर निकलें ताकि समय रहते ट्रेन को पकड़ा जा सके. इसके साथ ही, आमजन से ट्रैफिक निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग की अपील की गई है.
