हिसार | हरियाणा की जनता को अवैध कालोनियों की आर्थिक चोट से बचाने की दिशा में विधानसभा के बजट सत्र से एक अच्छी खबर सामने आई है. कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सदन में बताया कि अवैध कॉलोनियों के खेल पर अंकुश लगाने का काम किया जाएगा. प्रदेश के अन्य शहरों के साथ ही हिसार व हांसी में भी नए सेक्टरों को विकसित करने की योजना है. इसको लेकर हिसार व हांसी जिले में 2284 एकड़ जमीन ई- भूमि पोर्टल के माध्यम से ली जाएगी.
पोर्टल से जमीन अधिग्रहण
उन्होंने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की योजना के मुताबिक हिसार में 3 और हांसी में 8 नए सेक्टर काटे जाएंगे. ये सभी सेक्टर रिहायशी होंगे. पूरे प्रदेश में तीन चरणों में इस काम को पूरा किया जाएगा. अगस्त महीने तक पूरे प्रदेश में अलग-अलग सेक्टरों के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी करनी है.
विपुल गोयल ने बताया कि प्रदेशभर में 1.67 लाख एकड़ जमीन पर नए सेक्टर बसाएं जाएंगे. ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन खरीदने के लिए मुख्यमंत्री की मंजूरी चुकी हैं. इसमें रिहायशी और कॉमर्शियल सेक्टर काटे जाएंगे.
हिसार व हांसी में विकसित होंगे नए सेक्टर
हांसी: यहां पहले चरण में सेक्टर- 1, 2, 4, 7, 13, 14, 15 और 16 को विकसित किया जाएगा. इसके लिए करीब 1494.78 एकड़ जमीन अधिग्रहण का लक्ष्य रखा गया है.
हिसार: यहां तीसरे चरण में सेक्टर- 30, 36 और 38 को विकसित करने की तैयारी है. हिसार के इन नए सेक्टरों के लिए लगभग 789.91 एकड़ जमीन पोर्टल के जरिए अधिग्रहित की जाएगी. अग्रोहा में सेक्टर- 2 व 4 तथा नारनौंद में 2, 4 व सेक्टर- 6 विकसित किया जाएगा. उकलाना में 2P, 3P, 4P, 7P और 8P विकसित किए जाएंगे. तलवंडी राणा और बहबलपुर में 1-3 सेक्टर विकसित होगे.
