नूंह | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है ताकि यात्रियों का सफर आरामदायक हो सकें. वहीं, प्रदेश के आपसी जिलों के बीच लंबी दूरी की बसों का संचालन कर आमजन को राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है.
इसी कड़ी में नूंह रोडवेज डिपो द्वारा कोरोना काल में बंद की गई हिसार के लिए सीधी बस सेवा को फिर से बहाल कर दिया है. इस सीधी बस सेवा के फिर से शुरू होने पर नूंह और गुरुग्राम जैसे जिलों के इलाकों से हिसार के लिए यात्रा करना आरामदायक हो जाएगा. यात्रियों को अपने आसपास के डिपो से बस सेवा की सुविधा मिलेगी तो उनके लिए सीट हासिल करना संभव हो जाएगा.
यह रहेगा शेड्यूल
नूंह बस स्टैंड से यह बस दोपहर डेढ़ बजे रवाना होकर 2 बजे सोहना, 3 बजे गुरुग्राम, शाम 04.20 बजे झज्जर और पौने 5 बजे बेरी बस स्टैंड से होते हुए शाम को लगभग सवा 7 बजे हिसार पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह 07.25 बजे हिसार से रवाना होकर 07.55 बजे हांसी और पौने 9 बजे महम पहुंचते हुए नूंह का सफर तय करेगी. नूंह से रवाना होकर यह बस वाया सोहना, गुरुग्राम, झज्जर, बेरी, महम और हांसी से गुजरते हुए हिसार का सफर तय करेगी. वापसी में भी इसी रूट से होते हुए नूंह आगमन करेगी.
लंबी दूरी की यात्रा होगी आरामदायक
नूंह बस स्टैंड इंचार्ज ने बताया कि सीधे हिसार के लिए सफर करने वाली इस बस को कोरोना काल में बंद कर दिया गया था लेकिन अब यात्रियों की डिमांड पर इस बस के संचालन को हरी झंडी दिखा दी गई है. इस सीधी बस सेवा के संचालन का निश्चित तौर पर यात्रियों को बड़ा फायदा पहुंचेगा.
उन्होंने बताया कि अभी तक नूंह से हिसार जाते हुए यात्रियों को बीच रास्ते बस बदलनी पड़ती थी जिसमें समय और किराया दोनों ही ज्यादा लगता था परंतु अब इस परेशानी से निजात मिलेगी. वहीं, हिसार से झज्जर, गुरुग्राम और नूंह आने वाले यात्रियों को भी एक अतिरिक्त बस सेवा का विकल्प मिलेगा.
