हिसार | हरियाणा सरकार सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में प्रशासन द्वारा हिसार जिले में सड़क सुरक्षा और रात के समय आवागमन को बेहतर बनाने के लिए फोरलेन सड़क पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई है. यहां साउथ बाईपास से हिंदवान मोड तक करीब 5 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग पर यह कार्य पूरा हो चुका है, जिसकी लागत लगभग सवा करोड़ रुपए रही है. अब रात के समय यह सड़क पूरी तरह रोशनी से जगमगाती नजर आएगी.
रात के समय होती थी समस्या
इससे पहले नगर निगम की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था केवल हिसार के साउथ बाईपास तक सीमित थी. इससे आगे सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात में वाहन चालकों को दिक्कत होती थी और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी. कई बार अंधेरे की वजह से छोटे-मोटे हादसे भी सामने आते थे. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पूरे मार्ग पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने का फैसला लिया गया.
दुर्घटनाओं में होगी कमी
परियोजना के तहत सड़क के दोनों तरफ सड़क के दोनों ओर नियमित दूरी पर लाइट पोल लगाए गए है. इन लाइटों के चालू होने से रात में सड़क पर रोशनी अच्छी होगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी होने की उम्मीद है.
स्थानीय लोगों के अनुसार पहले रात के समय यह सड़क काफी अंधेरी रहती थी, लेकिन अब लाइटें लगने से पूरा रास्ता रोशन हो गया है. इससे न केवल वाहन चालकों को सुविधा मिलेगी बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा की भावना बढ़ेगी.
PWD अधिकारियों ने बताया कि यह व्यवस्था सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है. पहले यहां पर्याप्त रोशनी ना होने के कारण सड़क हादसों का खतरा ज्यादा रहता था. अब सड़क पर पूरी तरह स्ट्रीट लाइटें लगने से रात में दृश्यता बेहतर हो गई है. इससे वाहन चालकों को दूर तक साफ दिखाई देगा.
