महेंद्रगढ़ | हरियाणा में 18 मार्च की शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. प्रदेश में कल शाम रेवाड़ी में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है. हिसार, भिवानी, नारनौल, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और सिरसा में भी बारिश देखने को मिली है. गरज- चमक और ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश से कई जगहों से जान- माल के नुकसान की खबरें सामने आई है.

30 बकरियों की हुई मौत
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र के गांव खेड़की में गरज-चमक के साथ हुई बारिश काल बनकर आई है. यहां आसमानी बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हुआ है. इस हादसे में खेतों में चर रही 30 बकरियां मौत के मुंह में समा गई. इस हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
गांव खेड़की निवासी दयाराम ने बताया कि वह रोजाना की तरह अपनी बकरियों को चराने के लिए खेतों में लेकर गया था. शाम 5 बजे के आसपास अचानक से मौसम में बदलाव हुआ और गरज- चमक के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान आसमानी बिजली गिरने से उसकी 30 बकरियां इसकी चपेट में आ गई और सभी की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों ही उन्होंने 60 हजार रुपए में दो बकरे खरीदे थे, जो इस हादसे में मारे गए. कुल मिलाकर उसे 2 लाख रुपए से ज्यादा का नुक़सान पहुंचा हैं. स दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित दयाराम को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की. ग्रामीणों ने कहा कि दयाराम बकरी पालन व्यवसाय से अपने परिवार का पालन- पोषण कर रहा था. वो सहारा भी छीन गया है. ऐसे में प्रशासन से मांग है कि दयाराम को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि वह फिर से अपने इस व्यवसाय को शुरू कर सकें.