चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम ने यू- टर्न ले लिया है. मार्च महीने में पड़ रही गर्मी पर पश्चिमी विक्षोभ ने पूर्ण विराम लगा दिया है और लोगों को एक बार फिर सर्दी का अहसास करा दिया है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश व तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है जिससे लोग सुबह के समय फिर से गर्म कपड़ों में नजर आने लगे है.
हरियाणा में हुई बारिश
प्रदेश में दो दिन हुई बारिश का तापमान पर सीधा प्रभाव पड़ा है. 20 मार्च को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया और कई जिलों में पारा 20 से 25 डिग्री के बीच सिमट गया. लगातार बारिश, ओले और तेज हवाओं के कारण दिन के समय ठंडक महसूस हुई जबकि रात का तापमान सामान्य के आसपास रहा.
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज गति की हवाओं के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि हुई. इस प्रणाली ने तेजी से बढ़ रहे तापमान पर ब्रेक लगा दिया है. मौसम विभाग के अनुसार आज रात तक यह सिस्टम आगे निकल जाएगा, जिससे कल सुबह हवाओं की दिशा बदलने से तापमान में ओर गिरावट आ सकती है.
अब नहीं सताएगी गर्मी
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार आने वाले दिनों में एक के बाद एक तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाले है. 21 से 23 मार्च के बीच एक नया विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बादल छाये रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. 23 और 24 मार्च को भी हल्की बारिश होने की संभावना है. 28 मार्च के आसपास फिर मौसमी सिस्टम एक्टिव होगा. अप्रैल के पहले 15 दिनों तक मौसम लगातार परिवर्तनशील बना रहेगा.
