भिवानी | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. आगामी गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए रेलवे ने हरियाणा से राजस्थान और महाराष्ट्र जाने वाले ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है. इससे गर्मियों की छुट्टियों में पर्यटन स्थलों पर जाने वाले यात्रियों को राहत पहुंचेगी.
महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को राहत
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 09001/ 02, मुंबई सेंट्रल- भिवानी- मुंबई सेंट्रल द्वि- साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में मुंबई सेंट्रल से 31 मार्च से 31 जुलाई तक तथा भिवानी से 1 अप्रैल से 1 अगस्त तक विस्तार किया गया है.
राजस्थान जाने वाले यात्रियों को राहत
हरियाणा से राजस्थान के पर्यटन स्थलों पर जाने वाले यात्रियों को बड़ी सौगात दी गई है. रेलवे ने ट्रेन नंबर 09733/ 34, जयपुर-भिवानी- जयपुर स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में जयपुर से 1 अप्रैल से 14 अप्रैल तक 14 ट्रिप तथा 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक विस्तार कर दिया है. इसी प्रकार भिवानी से भी उक्त अवधि के दौरान ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार किया गया है.
अतिरिक्त भीड़- भाड़ से मिलेगा छुटकारा
अमित सुदर्शन ने बताया कि राजस्थान और महाराष्ट्र जाने वाली इन ट्रेनों की संचालन अवधि में विस्तार का निश्चित तौर पर यात्रियों को फायदा पहुंचेगा. गर्मियों की छुट्टियों में इन राज्यों के पर्यटन स्थलों जयपुर, मुंबई आदि पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में इन ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों के लिए सफर करना आरामदायक हो जाएगा. इस रूट पर चलने वाली नियमित ट्रेनों से भी भीड़- भाड़ कम करने में मदद मिलेगी.
