पलवल | हरियाणा में राज्यसभा चुनाव सम्पन्न होने के बाद हर रोज नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं. बता दें कि इस चुनाव में क्रॉस वोटिंग और रद्द वोटों को लेकर खूब हो-हल्ला मचा हैं. कांग्रेस पार्टी ने अपने 5 विधायकों को क्रॉस वोटिंग करने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है. वहीं, जानबूझकर वोट रद्द करने के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के गवर्नर से मुलाकात की है. इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई हैरत में पड़ रहा है.
बेटे ने तोड़ा पिता से नाता
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग मामले में पलवल जिले की हथीन विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल का भी नाम सामने आया है. पिता पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगने पर उनके बेटे नाजिम चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है. मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मेरे पिता मोहम्मद इसराइल ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ काम किया है लेकिन मैं कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ हूं. मेरे पिता ने कांग्रेस पार्टी और लोगों की जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किया हैं इसलिए मैं उनसे सारे संबंध तोड़ रहा हूं.
पिता से तमाम रिश्ते तोड़ने के सवाल पर नाजिम चौधरी ने कहा कि इसके लिए जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी, वो सभी पूरी की जाएगी. लोग लंबे समय से हमारे साथ जुड़े हुए हैं और उन्हें क्रॉस वोटिंग जैसे मामले में नाम सामने आने पर तकलीफ पहुंची हैं इसलिए वह अपने पिता एवं कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल से कोई ताल्लुक नहीं रखना चाहते हैं. ये परिवार हमारे साथ सदियों से जुड़े हुए हैं और ईमानदारी के नजरिए से हमें देखते हैं. मुझ पर सिर्फ मेरे पिता की ही जिम्मेदारी नहीं है बल्कि सदियों से साथ जुड़े इन लोगो की भी जिम्मेदारी है. क्रॉस वोटिंग में भागीदारी से इन लोगों के विश्वास को ठेस पहुंची है इसलिए मैंने इतना बड़ा फैसला लिया है.
राहुल गांधी के साथ करेंगे संघर्ष
उन्होंने कहा कि ईद के मौके पर जिला डीसी और एसपी हमारे घर आए हुए थे, जो आमतौर पर विपक्ष के विधायक के साथ देखने को नहीं मिलता. विपक्ष के विधायकों के तो फोन तक नहीं उठाए जाते हैं लेकिन अब जिला प्रशासन की चहल- पहल हमारे घर देखी जा रही है. विधायक पिता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पिछले कुछ दिनों से इस तरह के घटनाक्रम देखने के बाद मैंने यह फैसला लिया है. मैं राहुल गांधी की ईमानदारी और भाईचारे की विचारधारा से प्रभावित हूं और अपने पुराने लोगों के साथ मिलकर राहुल गांधी की इस विचारधारा के लिए संघर्ष करूंगा. मैं राहुल गांधी के साथ रहकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए तन- मन से संघर्ष की राह पर चलुंगा.
नाजिम चौधरी ने कहा कि यह एक राजनीतिक स्टंट नहीं है, पूरी तरह से अपने होशोहवास में मैंने यह कदम उठाया है. मैंने अपना घर छोड़ दिया है. जो भी प्रोपर्टी मेरे नाम है, मैं उसको वापस फैमिली के नाम करवा दूंगा. अब आगे जैसे भी सदियों से साथ जुड़े लोग फैसला करेंगे, उसी तरह से आगे का रास्ता तय किया जाएगा.
