दक्षिण हरियाणा के इस शहर में बनेगा नया बस अड्डा, यात्रियों को मिलेगा आधुनिक सुविधाओं का लाभ

महेंद्रगढ़ | हरियाणा में परिवहन सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां 10.67 करोड़ रुपए की लागत से 6 प्लेटफॉर्म के आधुनिक बस स्टैंड निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है.

Haryana Roadways Bus

आधुनिक सुविधाओं का मिलेगा लाभ

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि कनीना में बनने वाला यह नया बस स्टैंड पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा जिसमें यात्रियों के लिए अलग- अलग शौचालय, एसी वेटिंग हॉल, पीने का साफ पानी, समय- सारणी के लिए डिजिटल एलईडी स्क्रीन, CCTV कैमरे और आधुनिक टिकट काउंटर इत्यादि शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि बसों की सुनियोजित तरीके से आवाजाही के लिए 6 अलग- अलग प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे. इस क्षेत्र के लोगों की यह दशकों पुरानी मांग थी जो अब जाकर पूरी हो रही है. कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नए बस स्टैंड निर्माण से यात्रियों को फायदा पहुंचेगा और यहां से लंबी दूरी की बसों की सुविधा शुरू हो सकेगी. इससे कनीना क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास रफ्तार पकड़ेगा. हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे. बस स्टैंड के आसपास नई रेहड़ी- पटरी लगेगी. स्थानीय बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी जिससे दुकानदारों को फायदा पहुंचेगा.

यह भी पढ़े -  महेंद्रगढ़ की बेटी सोनिया ने देशभर में बढ़ाया हरियाणा का मान, नेवी में बनी सब-लेफ्टिनेंट

समय पर काम पूरा करने के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है और अब टेंडर प्रक्रिया सहित अन्य औपचारिकताएं जल्द पूरी कर निर्धारित समय- सीमा में निर्माण कार्य को पूरा किया जाए. उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए.

Avatar of Anita Poonia
Anita Poonia
View all posts

मेरा नाम अनीता पूनिया है. मैं पिछले 2 साल से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हूँ. वर्तमान मे Haryana E Khabar न्यूज वेबसाइट के लिए कंटेंट राइटर का काम कर रही हूँ.