सिरसा | हरियाणा के सिरसा जिले में हुई एक शादी चौतरफा प्रशंसा का विषय बनी हुई है. यहां भात रस्म अदायगी के दौरान एक अनूठी पहल देखने को मिली जब एक भाई अपनी बहन के घर भात भरने पहुंचा और उसने रस्म अदायगी में लाखों रुपए नकद कैश और सोने- चांदी के गहने रखे लेकिन बहन के ससुराल वालों ने शगुन के रूप में केवल 1 रुपया और नारियल स्वीकार कर समाज के सामने एक सकारात्मक सोच का संदेश प्रस्तुत किया. उनकी इस सराहनीय पहल का हर किसी ने तालियों के साथ स्वागत किया.
लाखों रुपए किए वापस
यह घटना रानिया क्षेत्र के गांव केहरवाला और फतेहपुरिया नियामत खां से संबंधित है. केहरवाला का गोदारा परिवार में फतेहपुरिया नियामत खां परिवार में विवाहित अपनी बहन दर्शना की बेटी की मुस्कान की शादी में भात भरने पहुंचा था. यहां गोदारा परिवार ने भात की रस्म अदायगी के दौरान 6.21 लाख रुपए कैश और सोने- चांदी के गहने रखे लेकिन बहन के ससुराल वालों ने सब वापस लौटाते हुए केवल 1 रुपया और नारियल स्वीकार कर इस रस्म अदायगी को पूरा किया.
बिना पैसों के निभाई भात की रस्म
फतेहपुरिया नियामत खां परिवार की इस पहल को समाज में एक नई दिशा के रूप में देखा जा रहा है. इस परिवार मे पहली बार ऐसा हुआ है जब भात रस्म अदायगी बिना पैसों के निभाई गई है. इस अनूठी पहल की शादी में उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में एक अच्छा संदेश जाएगा और बाकी लोग भी इससे प्रेरित होकर इस अनूठी पहल को मजबूत करने का काम करेंगे.
वर पक्ष ने लिया दहेज
इस शादी में जहां बिना पैसों के भात रस्म अदायगी पूरा करने की बात सुर्खियां बटोर रही थी तो वही दूसरी ओर लड़की पक्ष की ओर से लड़का पक्ष को शादी में दहेज दिया गया और वे इसे स्वीकार कर साथ ले गए. इस शादी में पूर्व बिजली मंत्री रणजीत चौटाला भी उपस्थित रहे.
