सिरसा | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में सिरसा जिले से राजस्थान की पिंक सिटी जयपुर के लिए रात्रि बस सेवा शुरू कर यात्रियों को एक और बड़ी सौगात दी गई है.
सिरसा- जयपुर रात्रि बस सेवा का शेड्यूल
सिरसा रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान के मशहूर पर्यटन स्थल जयपुर जाने वालों के लिए सीधी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यह बस रोजाना शाम 06.45 बजे सिरसा बस स्टैंड से रवाना होकर रात 07.45 बजे फतेहाबाद, रात 9 बजे हिसार, सवा 1 बजे झुंझुनूं और सुबह 03.10 बजे सीकर पहुंचते हुए सुबह साढ़े 5 बजे जयपुर पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में जयपुर से दोपहर 12.20 बजे रवाना होकर 02.40 बजे सीकर, रात 08.40 बजे हिसार बस स्टैंड पर पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि सिरसा, फतेहाबाद और हिसार से सुबह जल्दी जयपुर पहुंचने के लिए यह बस सेवा एकदम उपयुक्त विकल्प रहेगी.
बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास
रोडवेज अधिकारी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश के आपसी जिलों के बीच लंबी दूरी की बसों का संचालन किया जा रहा है. जयपुर, खाटूश्याम, सालासर, अमृतसर, वैष्णोदेवी कटरा और आगरा सहित कई अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए भी सीधी बस सेवा का संचालन कर यात्रियों को राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है.
