चंडीगढ़ | पूरे प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. कल सुबह से दोपहर तक निकली तेज चमचमाती धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाए, लेकिन शाम होते ही बादलों के डेरे और ठंडी हवाओं ने राहत प्रदान की. मौसम विभाग ने राज्य के बड़े हिस्से में आज बारिश, गरज- चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. अगले 48 घंटों में धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
बारिश और तेज हवा के चलते फसलों को नुकसान हो सकता है. मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि सिंचाई और छिड़काव का कार्य फिलहाल के लिए टाल दे. किसान कटाई और मड़ाई का कार्य मौसम के हालात देखकर करें.
हरियाणा में तापमान
हरियाणा में तापमान पर नजर डाले तो तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर बना हुआ है. मौसम बदलाव के चलते इसमें गिरावट की संभावना है. कल सबसे ज्यादा तापमान नूंह जिले में दर्ज किया गया है जोकि 34.5 डिग्री रहा है. भिवानी, हिसार, महेन्द्रगढ़, चरखी दादरी भी गर्म रहे है. करनाल और सिरसा जैसे जिलों में तापमान 31- 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है. मौसम में बदलाव के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.
2 दिन बारिश की स्थिति
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार आगामी दो दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान गरज- चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है और ओलावृष्टि भी हो सकती है. इसके साथ ही, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती है. बारिश के बाद तापमान में गिरावट साफ देखी जा सकेगी.
