रेवाड़ी एम्स में सुनिश्चित होगी जलापूर्ति, 27 करोड़ की इस परियोजना को सरकार ने दी मंजूरी

रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि रेवाड़ी के गांव माजरा में निर्माणाधीन एम्स में सुचारू जलापूर्ति के लिए नहरी पानी पर आधारित अलग से वाटर वर्क्स का निर्माण किया जाएगा. 26.83 करोड़ रुपए की इस परियोजना को हरियाणा सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है. इस परियोजना के पूरा होने पर एम्स में पेयजलापूर्ति को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी.

Water Pani

हरियाणा में सुनिश्चित होगी पानी की उपलब्धता

स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि माजरा एम्स में वित्तीय और आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी. इस परियोजना का पूरा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी. इस वाटस वर्क्स के माध्यम से माजरा एम्स को हर रोज 1500 किलोलीटर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी ताकि संस्थान में पेयजल के साथ-साथ मरीजों की देखभाल और अन्य जरूरतों के लिए पानी की उचित उपलब्धता सुनिश्चित हो सके. इससे उपचार के दौरान मरीजों और स्टाफ को कोई परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी.

50 MBBS सीटों का मिला तोहफा

रेवाड़ी के माजरा एम्स में इसी शैक्षणिक सत्र से 50 MBBS सीटों पर पढ़ाई शुरू हो जाएगी. जल्द से जल्द ओपीडी शुरू करने के लिए भी विभिन्न पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. गुरुग्राम लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने एम्स का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जल्द ओपीडी शुरू करने बारे सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए थे. उन्होंने कहा था यहां इलाज की सुविधा उपलब्ध होने पर लोगों को रोहतक व दिल्ली तक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.