जींद | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को जींद पहुंचे थे जहां उन्होंने सफीदों में आयोजित विकास एवं धन्यवाद रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान उन्होंने 19.31 करोड़ रुपए की लागत से 6 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और साथ ही 30.42 करोड़ रुपए की लागत से 4 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया. मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए सफीदों क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया.

सफीदों पर सौगातों की बारिश
- विकास एवं धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बड़े ऐलान करते हुए कहा कि सफीदों के अस्पताल को 100 बैड में अपग्रेड किया जाएगा. सिवाना माल गांव तथा गांव खातला में पशु अस्पताल की नई बिल्डिंग बनाई जाएगी.
- सफीदों में रामसर पार्क तथा ऑडिटोरियम का निर्माण करवाया जाएगा. सफीदों शहर में स्टूडेंट्स के लिए ई- लाईब्रेरी स्थापित की जाएगी.
- सफीदों में BSC नर्सिंग कॉलेज के भवन का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा. सफीदों में मेमोरियल कन्या राजकीय महाविद्यालय की चारदीवारी का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा.
- गांव खेड़ा खेमावती में 33 kV सब- स्टेशन में लगे पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता को 33 MVA की जाएगी तथा गांव के प्राथमिक विद्यालय और राजकीय वरीष्ठ माध्यमिक विद्यालय की पुरानी जर्जर बिल्डिंग को कंडम घोषित करने उपरांत नए कमरों का निर्माण करवाया जाएगा.
फायर स्टेशन और बिजली सब- स्टेशन की सौगात
- CM ने कहा कि खेड़ी तलौडा स्थित 132 kVA सब- स्टेशन पर स्थापित पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता को चरणबद्ध तरीके से बढ़ा कर 40.45 MVA तथा 132.33 kVA किया जाएगा. गांव सीवान माला में 33 kV सब- स्टेशन बनाया जाएगा.
- रजाना कलां तथा ढांटरथ गांवों में PHC की नई बिल्डिंग बनाई जाएगी.
- पिल्लूखेड़ा में भूमि उपलब्धि होने पर फायर स्टेशन बनाया जाएगा. इसके अलावा सफीदों फायर स्टेशन को दो नए फायर टेंडर दिए जाएंगे.
- गंगोली, कालवा, भड़ताना, सब माइनर तथा सीवाना माल डिस्ट्रीब्यूटरी की साढ़े 12 करोड़ रुपये की लागत से रिहैबिलिटेशन कराई जाएगी तथा गांव में ग्राम सचिवालय भी बनवाया जाएगा.
- अंटा में कैनाल रेस्ट हाउस की मरम्मत कराई जाएगी.
- पिल्लूखेड़ा में जमीन उपलब्ध कराने पर ITI का निर्माण करवाया जाएगा.
बायो गैस संयंत्र का तोहफा
- ग्राम पंचायत मुआना की शामलात भूमि में बायो गैस संयंत्र लगाया जाएगा. मोरखी गांव में कम्यूनिटी सेंटर का निर्माण कराया जाएगा.
- कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अंतर्गत आने वाले सफीदों क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का 2 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा. कालवा गांव के ययाति सूर्य कुंड ऐतिहासिक मंदिर की रिटेनिंग वॉल बनवाई जाएगी.
- विभिन्न गांवों में 10 करोड़ रुपये की लागत के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अंतर्गत किए जाने वाले कार्य करवाए जाएंगे.
सफीदों को रेस्ट हाउस का तोहफा
- सफीदों में साढ़े 9 करोड़ रुपए की लागत से नया रेस्ट हाउस बनाया जाएगा.
- पिल्लूखेड़ा में जमीन उपलब्ध होने पर सब्जी मंडी का निर्माण किया जाएगा.
- अनाज मंडी सफीदों में सड़क की मरम्मत, नए शेड कवर व अन्य कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए दिए जाएंगे.
- सफीदों व पिल्लूखेड़ा के विभिन्न गांवों को जोडऩे वाली सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण तथा मरम्मत के लिए 6 करोड़ रुपए दिए जाएंगे.
- सफीदों विधानसभा क्षेत्र में 25 किलोमीटर तक के खेतों के रास्तों को पक्का किया जाएगा.