जींद | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज जींद दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने शहर में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस रैली की अध्यक्षता डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा कर रहे थे. इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री के साथ प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.

जींद का तहदिल से शुक्रिया
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रैली को संबोधित करते हुए जींद जिले की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने में आप लोगों का बहुमूल्य योगदान रहा है. यहां की पांच में से 4 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवारों की जीत हुई है, जो दर्शाता है कि आपने सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर मुहर लगाई है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने जींद को बड़ी सौगात देते हुए 253 करोड़ की 15 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया.
उन्होंने बताया कि जींद के विकास के लिए 125 घोषणाओं में से 103 पूरी हो चुकी हैं, जबकि बाकी पर तेजी से काम जारी है. पिछले साढ़े 11 सालों में क्षेत्र के विकास पर 2217 करोड़ से अधिक खर्च किए गए और 15 हजार युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची नौकरी दी गई है. बजट 2026-27 में 21 खेल स्टेडियमों में जींद को भी एक स्टेडियम मिलेगा और 10 नए IMT में से एक जींद में स्थापित किया जाएगा.
करोड़ों रुपए से बदलेगी शहर की तस्वीर
शहर में मॉडल सड़क, रानी तालाब के पास 60 करोड़ की लागत से ऑडिटोरियम पार्किंग, पालिका बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित करने और विभिन्न सड़कों पर डेकोरेटिव पोल व लाइट लगाने की योजना है. सीएम ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जयंती देवी मंदिर के सामने की मीट मार्केट को लगभग 5 करोड़ की लागत से शिफ्ट किया जाएगा. मार्केट बोर्ड की 6 सड़कों का चौड़ीकरण व मरम्मत और PWD की 25 सड़कों का रखरखाव किया जाएगा.
खेत- खलिहान योजना
25 किलोमीटर कच्चे रास्तों को खेत- खलिहान योजना के तहत पक्का किया जाएगा और जींद के ग्रामीण क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि भी दी जाएगी. CM ने कहा कि जींद जिले में विकास कार्यों के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी. आज जींद जिले की गिनती हाइवे हब के रूप में होती है जहां से आधा दर्जन से ज्यादा हाइवे गुजर रहे हैं.