चंडीगढ़ | हरियाणा में LPG गैस सिलिंडर की किल्लत कम होने जा रही है. राज्य में छोटे परिवारों और श्रमिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 5 किलोग्राम के गैस सिलिंडरों की पहली खेप पहुंच गई है. हरियाणा सरकार और गैस एजेंसियों के इस कदम से उन लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें हर रोज के उपयोग के लिए छोटे और किफायती सिलिंडर की आवश्यकता होती है.

इन शहरों में श्रमिक ज्यादा
गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, अंबाला, पानीपत, हिसार और सिरसा में बड़ी संख्या में श्रमिक रहते है, जिनके लिए बड़ा सिलिंडर लेना या कनेक्शन लेना संभव नहीं होता है. ऐसे में उन्हें 5 किलो का छोटा सिलिंडर मिलने से काफी राहत मिलेगी और यह उनके लिए काफी किफायती और सुविधाजनक भी होगा. इसके साथ ही यह सिलिंडर बिना किसी कागजी कार्यवाही के आसानी से मिल जाता है. इसके लिए सिर्फ आपको आधार या वोटर वार्ड की आवश्यकता होगी.
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस छोटे सिलिंडर की कीमत भी कम है. आप 5 किलो FTL ( फ्री ट्रेड LPG) कनेक्शन गैस सहित 1500 से 1600 रुपए के बीच इसे खरीद सकते है. इस कीमत में सिलिंडर और गैस दोनों शामिल है.
रिफिल मात्र 600 रूपए
इस योजना के तहत, उपभोक्ताओं को पारंपरिक घरेलू गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं होती. वे सिर्फ 5 किलो का सिलिंडर खरीद सकते है और जरूरत पड़ने पर उसे रिफिल करा सकते है. खास बात यह है कि रिफिलिंग की कीमत लगभग 600 रूपए रखी गई है, जो आम आदमी के लिए काफी किफायती मानी जा रही है. इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी ऐजेंसियों को निर्देश दिए है कि वे इस योजना का व्यापक विस्तार करें ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ उठा सके.