नूंह | हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नूंह जिले में लंबे समय से निर्माण की बाट जोह रहे सिविल अस्पताल भवन के बनने की तस्वीर साफ हो गई है. लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से अस्पताल के लिए 7 मंजिला नई बिल्डिंग बनाने के वर्क ऑर्डर जारी कर दिए हैं. 165 करोड़ की लागत से बनने वाली इस बिल्डिंग के निर्माण कार्य को आगामी 2 साल में पूरा कर लिया जाएगा.

156 करोड़ से बनेगी नई बिल्डिंग
PWD के एक अधिकारी ने बताया कि जिलास्तरीय सिविल अस्पताल की सात मंजिला नई बिल्डिंग को पुराने कंडम भवन के स्थान पर तैयार किया जाएगा जिसमें जांच से लेकर स्वास्थ्य से संबंधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इस अस्पताल के निर्माण से नूंह जिले की 16 लाख से ज्यादा आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा.
गत वर्ष सीएम नायब सैनी ने नूंह जिले में नए अस्पताल भवन निर्माण के लिए 156 करोड़ रुपए की धनराशि को मंजूरी प्रदान की थी. तभी से इस परियोजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने की प्रकिया शुरू हो चुकी थी. अब पीडब्ल्यूडी की ओर से गोरी बिल्डिंग नामक कंस्ट्रक्शन कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं. बताया गया है कि कंपनी की तरफ से कंडम भवन को तोड़ने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है.
स्वास्थ्य सेवाओं में आएगा सुधार
उन्होंने बताया कि करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाली अस्पताल की यह नई बिल्डिंग सात मंजिला होगी जिसमें सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाएं विभाग की ओर उपलब्ध कराई जाएगी. यहां हर तरह की स्वास्थ्य जांच के लिए मशीनें उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, अस्पताल के भवन निर्माण की सूचना मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय बाद स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है.
इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की सहूलियत मिलेगी और उन्हें इलाज के लिए इधर-उधर भटकने से छुटकारा मिलेगा. नए भवन में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होगी तो इसका सीधा फायदा गर्भवती महिलाओं, सड़क हादसों में घायलों आदि को मिलेगा. उन्हें समय पर बेहतर इलाज मिलेगा जिससे उनकी जिंदगी बचाना आसान हो जाएगा.