नूहं | हरियाणा के नूहं जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राज्य के नूहं जिले को जल्द ही विकास की दिशा में नई रफ्तार देने के लिए करीब 60 करोड़ रुपए की लागत से 4 बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिल गई है. इन योजनाओं के तहत शहर में बुनियादी सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा.

नूंह नगर परिषद् की ओर से तैयार की गई इन परियोजनाओं को सरकार ने हरी झंडी दे दी है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. जिसके बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा.
नूंह में बनेगा ऑडिटोरियम और म्यूजियम कॉम्प्लेक्स
इन परियोजनाओं के तहत शहर में एक ऑडिटोरियम और म्यूजियम कॉम्प्लेक्स का निर्माण शामिल है. नूहं को सांस्कृतिक पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह कॉम्प्लेक्स पुराने कार्यालयों वाली सड़क पर बनाया जाएगा. इसके तैयार होने के बाद स्थानीय लोगों को विभिन्न कार्यक्रमों के लिए एक आधुनिक मंच मिलेगा. यहां बड़े कार्यक्रम, मीटिंग और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेगी.
खेल परिसर का निर्माण
दूसरी परियोजना के तहत युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं प्रदान करने के लक्ष्य से पलवल टी-पॉइंट के पास, मेवात मॉडल स्कूल के पास एक आधुनिक खेल परिसर का निर्माण किया जाएगा. यह खेल परिसर क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल देगा. इससे खेल सुविधाओं में सुधार होगा और प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलेगा.
तीसरी परियोजना के तहत नगर परिषद् कार्यालय भवन का जीर्णोद्धार किया जाएगा. वर्तमान में मौजूद भवन के समीप एक नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा, जिससे अधिकारियों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी.
शहर का सौंदर्यीकरण
चौथी परियोजना के तहत शहर की सुंदरता बढ़ाने का कार्य किया जाएगा. इसमें पलवल टी- पॉइंट से झंडा चौक तक डिवाइडर का सौंदर्यीकरण शामिल है. इससे शहर का सुंदरता बढ़ेगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा. साफ- सफाई, हरियाली और लाइटिंग की भी बेहतर व्यवस्था की जाएगी. इससे शहर की स्वरूप बदलने के साथ- साथ लोगों को साफ- सुथरा माहौल भी मिलेगा.