हांसी | केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड CBSE के 2026 के रिजल्ट ने इस बार सबको चौंका दिया है. खासकर हरियाणा के एक स्कूल ने जहां 67 छात्रों ने टॉपर बनकर रिकॉर्ड जैसा प्रदर्शन किया. बता दें कि हांसी के एक स्कूल के 67 छात्रों ने 90% अंक लाकर जिले का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे स्कूल और जिले में खुशी का माहौल है. इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का सफलता हासिल करना राज्य में चर्चा का विषय बन गया है.

लड़कियों की संख्या ज्यादा
उनकी इस उपलब्धि पर खुश होकर स्कूल प्रबंधन ने ढोल- नगाड़ों की आवाज और फूल मालाओं के साथ उनका स्वागत किया, इससे छात्रों का मनोबल बढ़ा. इन छात्रों ने यह सफलता कड़ी मेहनत, लगन और लगातार कोशिशें करते हुए हासिल की है. इन छात्रों में कई छात्र ग्रामीण इलाके से संबंध रखते है और 67 छात्रों में लड़कियां की संख्या अधिक है. इससे साफ साबित होता है कि लड़किया हर क्षेत्र में अपना हौसला और काबिलियत दिखा रहा है, चाहे वह शिक्षा हो, खेल हो या फिर कोई अन्य क्षेत्र हो.
स्कूल के लिए गर्व की बात
स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा कि यह हमारे स्कूल के लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे बच्चों के साथ- साथ स्कूल की विशेष रणनीति रही है. स्कूल टीचरों ने पढ़ाई के पारंपरिक तरीके के साथ नियमित टेस्ट, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और कमजोर छात्रों पर खास ध्यान देने की नीति अपनाई. स्कूल शिक्षकों ने हर छात्र पर बारिकी से नजर रखी, इससे छात्रों को लगातार सहयोग मिला और वे इस सफलता को हासिल करने में सफल रहे.
उन्होंने कहा कि सिर्फ किताबों तक सीमित रहने के बजाय छात्रों को कॉन्सेप्ट को समझना बहुत जरूरी है. उन्होंने बच्चों को रटने के बजाय विषय को गहराई से समझने के लिए प्रेरित किया. बच्चों को समय- समय मोटिवेट भी किया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा. उन्होंने कहा कि हमारे स्कूल की सफलता अन्य स्कूलों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है. इससे अन्य छात्रों को भी सीख मिलेगी कि सही रणनीति से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है.