करनाल | हरियाणा के करनाल शहर के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां सेक्टर 6 और 7 की ग्रीन बेल्ट जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगी. इसके लिए सौंदर्यीकरण कार्यों पर लगभग 5 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जाएगी. विधानसभा स्पीकर हरविंदर सिंह कल्याण ने इन प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास करते हुए कहा कि HSVP और नगर निगम के सहयोग से इन सभी कार्यों को पूरा किया जाएगा.

एक साथ मिलेगी कई सुविधाएं
विधानसभा स्पीकर हरविंदर सिंह कल्याण ने बताया कि इस परियोजना के तहत ग्रीन बेल्ट में ग्रिल सहित चारदीवारी का निर्माण करते हुए फुटपाथ तैयार किया जाएगा. इसके अलावा ओपन जिम की सुविधा मिलेगी ताकि लोग खुले में व्यायाम कर सकें. बच्चों के खेलने के लिए झूले, लोगों के बैठने के लिए बैंच और बारिश से बचाव हेतु आश्रय स्थल बनाया जाएगा. साथ ही घास और पेड़-पौधे लगाकर हरित क्षेत्र को विकसित किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि इस पूरे प्रोजेक्ट को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे क्षेत्र के बच्चों, बुजुर्गो, युवाओं और महिलाओं सभी को फायदा पहुंचेगा. इन्हें बेहतर और सुरक्षित स्थान की सुविधा मिलेगी जहां वे खुशनुमा पलों के साथ अपना समय व्यतीत कर सकेंगे. युवाओं को खेलकूद के लिए ग्राउंड की सुविधा मिलेगी जिससे उनका शारिरिक विकास को बढ़ावा मिलेगा.
विकास कार्यों से मिली नई पहचान
हरविंदर सिंह कल्याण ने बताया कि सेक्टर 6 और 7 मेरे निर्वाचन क्षेत्र घरौंडा में आते हैं और यहां पिछले कुछ सालों में विकास कार्यों की गंगा बही हैं. यहां कई कच्ची कालोनियों को नियमितीकरण का तोहफा मिला है. यूनिवर्सिटी, रिंग रोड, नहरों और पुलों का निर्माण कराया जा रहा है. स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है और स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है. करनाल के लोगों को नए सिविल अस्पताल की सौगात मिलेगी. करनाल में रैपिड मेट्रो पर काम शुरू हो चुका है.