चंडीगढ़ | हरियाणा में गर्मी का असर बढ़ता ही जा रहा है. पूरे दिन तेज गर्म हवाएं और तेज धूप से सड़कों पर आवाजाही कम देखने को मिल रही है और अब रातें भी तपने लगी है. गर्म हवाओं से बचने के लिए महिलाएं सड़कों पर दुपट्टे का सहारा लेती नजर आ रही है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में 24 अप्रैल तक गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है.

हरियाणा मौसम अपडेट
तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण दिन के साथ- साथ रातें भी तप रही है. दिन की तेज धूप और रात की उमस ने जनजीवन को झंझोड़ कर रख दिया है. हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ समेत कई राज्यो में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार करने की संभावना है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए उत्तर- पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू की संभावना जताई है और इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.
स्वास्थ्य विभाग ने दी सलाह
बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर ना निकले. इसके साथ ही नींबू पानी, छाछ और पर्याप्त पानी पीते रहे. वही हल्के रंग के कपड़ों को ज्यादा पहने और सिर को धूप में ढककर रखें. इसके अलावा सुबह के समय खाली पेट घर से न निकले. इससे शरीर कमजोरी महसूस करने लगता है और चक्कर आने की संभावना बढ़ जाती है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्ति अपनी सेहत का ज्यादा ध्यान रखें.
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आने वाले 5 दिनों तक मौसम खुश्क और गर्म रहने वाला है. आज से हवाओं का रूख बदलने के कारण रातें ओर अधिक गर्म होने वाली है. 25 अप्रैल तक दिन और रात के तापमान में लगातार उछाल देखने को मिलेगा. इससे साफ है कि जनजीवन को दिन के साथ – साथ अब रातें भी तपाने वाली है. 26 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से राज्य के मौसम में एक बार फिर बदलाव होगा. उम्मीद है कि इस दौरान बादलों की आवाजाही और हवाओं के रुख में परिवर्तन से गर्मी से थोड़ी राहत मिल जाएं.