रोहतक | हरियाणा में रेलयात्रियों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. रेलवे ने जानकारी साझा की है कि रोहतक स्टेशन से आवाजाही करने वाली 9 ट्रेनें 4 मई से रद्द रहेगी. साथ ही, 8 ट्रेनों का डायवर्जन दिल्ली किशनगंज की बजाय दिल्ली सराय रोहिला से रहेगा.

रेलवे ने बताया है कि दिल्ली डिवीजन के किशनगंज स्टेशन पर नए ईआई पैनल के साथ यार्ड के पुनर्निर्माण के संबंध में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा. जिसके चलते डेढ़ दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा.
रद्द ट्रेनों की सूची
स्टेशन मास्टर बलराम मीणा ने बताया कि नई दिल्ली से चलकर दोपहर 12.20 बजे रोहतक पहुंचने वाली ट्रेन, रोहतक से दोपहर 2 बजे नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन, दिल्ली जंक्शन से चलकर रोहतक होते हुए दोपहर 01.44 बजे जींद जाने वाली, जींद से चलकर रोहतक हुए सुबह 08.12 बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेनें 5 मई से 14 मई के बीच में रद्द रहेंगी.
दिल्ली आवागमन वालों की बढ़ेगी परेशानी
उन्होंने बताया कि दिल्ली से चलकर रोहतक होते हुए शाम 07.34 बजे नरवाना जाने वाली ट्रेन 11 से 12 मई, जींद से चलकर रोहतक होते हुए शाम 04.56 बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेन 4 से 13 मई, दिल्ली से चलकर रोहतक होते हुए शाम 05.23 बजे जाखल जाने वाली ट्रेन 5 से 13 मई तक रद्द रहेगी.
वहीं, जाखल से चलकर रोहतक होते हुए सुबह 07.13 बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेन 10 से 12 मई तक व दिल्ली से चलकर रोहतक होते हुए शाम 07.34 बजे नरवाना जाने वाली ट्रेन 10 मई को रद्द रहेगी.