रेवाड़ी | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं. प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस जहां इन चुनावों को लेकर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुका है तो वहीं सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी भी अपने उम्मीदवार घोषित करने में लगी हुई है. पार्टी द्वारा कल शाम पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम में मेयर पद के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया था. इसी कड़ी में पार्टी द्वारा आज रेवाड़ी नगर परिषद् और धारूहेड़ा नगर पालिका के लिए प्रत्याशी घोषित किए गए हैं.

इनके नाम पर लगी मुहर
भारतीय जनता पार्टी ने रेवाड़ी नगर परिषद् के लिए विनीता और धारूहेड़ा नगर पालिका के लिए अजय जांगड़ा को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, सांपला नगर पालिका हेतु चेयरमैन पद के लिए प्रवीन कोच को उम्मीदवार बनाया गया है. उनकी गिनती पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा के बेहद करीबियों में होती थी लेकिन कुछ दिनों पहले ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहकर बीजेपी का दामन थाम लिया था.
इससे पहले बीजेपी ने कल देर शाम पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम हेतु मेयर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किए थे. पार्टी ने पंचकूला से श्यामलाल बंसल, अंबाला से अक्षिता सैनी और सोनीपत से राजीव जैन के नाम पर मुहर लगाई थी. इन तीनों ही नगर निगमों के वार्ड पार्षद उम्मीदवार भी बीजेपी द्वारा घोषित कर दिए गए हैं. हालांकि, धारूहेड़ा के वार्ड पार्षद की लिस्ट का अभी भी इंतजार चल रहा है.
10 मई को होगी वोटिंग
पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम तथा रेवाड़ी नगर परिषद् व धारूहेड़ा, सांपला तथा उकलाना नगर पालिका के लिए चुनाव होना है. इन सभी जगहों पर 10 मई को वोटिंग होगी. वहीं, किसी कारणवश पुनर्मतदान की नौबत आई तो 12 मई को मतदान होगा. 13 अप्रैल को इन चुनावों के परिणाम घोषित होंगे.