नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए एक नई अपडेट सामने आई है. अब राजधानी के लोगों को मुंबई- गोवा जैसी लंबी साइकिलिंग ट्रिप के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बता दें कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी में ही यमुना नदी के किनारे करीब 53 किलोमीटर लंबे साइकिल कॉरिडोर का मास्टर प्लान तैयार कर लिया है, जहां लोग हरियाली के बीच लंबी दूरी तक साइकिल चला सकेंगे. यह साइकिल ट्रैक वजीराबाद बैराज से लेकर DND फ्लाईवे तक फैला होगा.

पर्यावरण और फिटनेस मुख्य उद्देश्य
इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य लोगों को यमुना नदी के ओर करीब लाना और प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देना है. DDA का कहना है कि यह साइकिलिंग ट्रैक से न केवल पर्यावरण का फायदा होगा बल्कि लोगों को फिट रहने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी.
DDA इस प्रोजेक्ट को अलग- अलग चरणों में पूरा करेगा. पहले चरण में पुराने रेलवे पुल से NH- 24 तक लगभग 24 किलोमीटर हिस्से का निर्माण किया जाएगा. इस हिस्से में नदी के दोनों किनारे शामिल होंगे. पहले चरण को पूरा होने में करीब 12 महीने लग सकते है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा यह ट्रैक
इस ट्रैक पर लोगों की सुविधाओं को ध्यान में देखते हुए कॉरिडोर के साथ- साथ कई अन्य आधुनिक सुविधाएं भी बनाई जाएगी. इन सुविधाओं में साइकिल डॉकिंग स्टेशन, पार्किंग एरिया, छायादार विश्राम स्थान और दिशा बताने वाले साइन बोर्ड शामिल होंगे. ये सभी सुविधाएं इस तरह से डिजाइन की जाएगी कि वे आसपास के प्राकृतिक माहौल के साथ तालमेल बनाए. इस ट्रैक की खास बात यह है कि इसके निर्माण में ऐसे मैटीरियल का उपयोग होगा जिससे पानी जमीन में जमा सके और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे.
DDA अधिकारियों का कहना है कि यह प्रोजेक्ट केवल एक साइकिल ट्रैक नहीं है बल्कि यमुना के किनारों को मनोरंजन और पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करना भी है. भविष्य में यह कॉरिडोर दिल्ली के प्रमुख आकर्षण के रूप में उभर सकता है और राजधानी को स्वच्छ और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा की में बड़ा कदम साबित होगा.