महेंद्रगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) द्वारा 26 अप्रैल को आयोजित HCS (एग्जीक्यूटिव) एवं अन्य एलाइड सर्विसेज प्रीलिम्स परीक्षा के मद्देनजर नारनौल रोडवेज डिपो द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.

यह रहेगा शेड्यूल
रोडवेज महाप्रबंधक देवीदत्त ने बताया कि अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा सेंटरों तक पहुंचाने के लिए विभाग द्वारा तीन प्रमुख रूट्स पर स्पेशल बसें संचालित करने का फैसला लिया गया है. उन्होंने बताया कि पहले रूट के तहत 25 अप्रैल की रात को 1 बजे नारनौल से पंचकूला के लिए वाया NH- 152D होते हुए सफर तय करेगी. यह बस कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला के परीक्षा सेंटरों तक जाएगी.
उन्होंने बताया कि दूसरे रूट पर नारनौल से यमुनानगर के लिए वाया महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रोहतक, पानीपत और करनाल होते हुए रात 2 बजे स्पेशल बस का संचालन किया जाएगा. वहीं, फरीदाबाद जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए तीसरे रूट के तहत वाया रेवाड़ी- गुरुग्राम होते हुए सुबह 4 बजे स्पेशल बस संचालित होगी.
किराए का करना होगा भुगतान
वापसी के लिए ये सभी बसें संबंधित शहरों यमुनानगर, पंचकूला और फरीदाबाद के बस स्टैंड से उसी दिन शाम 6 बजे नारनौल के लिए रवाना होगी. इन स्पेशल बसों के साथ-साथ सामान्य बस सेवाएं भी अपने निर्धारित समय पर संचालित होगी.
रोडवेज अधिकारी देवीदत्त ने बताया कि इन स्पेशल बसों में मुफ्त सफर की सुविधा नहीं बल्कि अभ्यर्थियों को किराया देना होगा. यह व्यवस्था परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है ताकि वे बिना किसी देरी के समय पर परीक्षा सेंटरों पर पहुंच सकें.