करनाल | हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि जो बिजली उपभोक्ता 3 सालों से लगातार बिजली बिल का भुगतान करते आ रहे हैं, उन्हें सोलर कनेक्शन के लिए नकद 2 लाख रुपए नहीं देने पड़ेंगे. ऐसे उपभोक्ताओं को बिजली निगम घर बैठे बिना किसी खर्च के सोलर सिस्टम कनेक्शन लगाकर देगा.

हरियाणा बिजली निगम करेगा पहले भुगतान
इसके लिए उपभोक्ता को केवल CSC सेंटर पर फॉर्म भरकर अपने उपमंडल कार्यालय में जमा कराना होगा. उपभोक्ताओं के 2 लाख रुपये बिजली निगम जमा कराएगा. इस राशि पर कोई ब्याज नहीं लिया जाएगा और उसे बाद में उपभोक्ता किस्तों में वापस कर सकेगा. निगम ने यह फैसला सोलर सिस्टम को बढावा देने के लिए लिया है.
पहले उपभोक्ताओं को सोलर सिस्टम लगवाने के लिए या तो से ब्याज पर लोन आदि लेना पड़ता था या फिर अपने पास से नकद राशि देनी पड़ती थी. निगम के अनुसार, सोलर सिस्टम की क्षमता के अनुसार ही उपभोक्ता के लिए आर्थिक सहायता राशि तय की जाएगी. बिजली निगम की इस पहल से बिजली उपभोक्ताओं को नकद धनराशि के लिए बैंकों के चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगा.
कोई समय- सीमा नहीं
बिजली निगम की ओर से दिए जाने वाले 2 लाख रुपये लौटाने की कोई समय- सीमा और राशि की बाध्यता नहीं है. उपभोक्ता अपने हिसाब से किस्तों में लौटा सकेंगे.
जिन्होंने समय पर 3 सालों से नियमित बिजली का बिल जमा कराया है, उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा. इस श्रेणी में किसी भी वर्ग का अधिकारी व कर्मचारी हो अथवा सामान्य उपभोक्ता, बिजली निगम की ओर से सोलर सिस्टम लगवाने के लिए ब्याज मुक्त राशि दी जाएगी. इससे सोलर सिस्टम की ओर उपभोक्ताओं का अधिक रुझान बढ़ेगा- नसीब सिंह, एसई, करनाल