रेवाड़ी | दक्षिण हरियाणा के रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि जयपुर- रेवाड़ी रेलवे लाइन पर रेलवे अंडरब्रिज (RUB) लॉन्चिंग कार्य के चलते रेलवे द्वारा कई प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है जिसका सीधा फायदा नारनौल- रेवाड़ी रेलखंड पर पड़ने वाले इलाकों को पहुंचेगा. यहां नारनौल, अटेली और आसपास के इलाकों के लोगों को वंदे भारत सहित कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा मिलेगी.

रेलवे के इस फैसले से उपरोक्त इलाकों के लोगों को कई बड़े शहरों के लिए सीधी ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा. इसके लिए उन्हें रेवाड़ी, जयपुर या दिल्ली रेलवे स्टेशन तक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्हें इन एक्सप्रेस ट्रेनों के अस्थायी ठहराव का सीधा लाभ मिलेगा.
2 दिन मिलेगा लाभ
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि खैरथल पड़ीसल और पड़ीसल-अलवर स्टेशनों के बीच समपार फाटक नंबर- 95 और 106 पर रेलवे अंडरब्रिज लॉन्चिंग का कार्य किया जा रहा है. जिसके चलते 9 और 10 मई को कई एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है.
रूट डायवर्ट से संचालित होगी यह ट्रेनें
- ट्रेन नंबर 14322, भुज- बरेली एक्सप्रेस
- ट्रेन नंबर 14321, बरेली- भुज एक्सप्रेस
- ट्रेन नंबर 26481, जोधपुर- दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन नंबर 26482, दिल्ली कैंट- जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन नंबर 19566, देहरादून- ओखा एक्सप्रेस
- ट्रेन नंबर 20937, पोरबंदर- दिल्ली सराय एक्सप्रेस
- ट्रेन नंबर 12916, दिल्ली- साबरमती एक्सप्रेस
- ट्रेन नंबर 20990, चंडीगढ़- उदयपुर सिटी एक्सप्रेस
इन शहरों के लिए मिलेगी सीधी ट्रेन की सुविधा
अमित सुदर्शन ने बताया कि रूट डायवर्ट के तहत उपरोक्त ट्रेनें रींगस- नीमकाथाना- नारनौल- अटेली होकर संचालित होगी. हालांकि, जोधपुर- दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नारनौल व अटेली स्टेशन पर ठहराव नहीं करेगी जबकि अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों का इन स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव रहेगा. रेलवे द्वारा किए गए इस बदलाव के बाद नारनौल स्टेशन से दिल्ली, जोधपुर, भुज, बरेली, देहरादून, ओखा, पोरबंदर, साबरमती, चंडीगढ़, उदयपुर सिटी और जयपुर जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी रेलसेवा का लाभ मिलेगा. उन्हें इन शहरों के लिए अतिरिक्त रेल परिवहन सुविधा का विकल्प मिलेगा.