भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा समाप्त हो चुकी है. परीक्षा खत्म होने के बाद सभी विद्यार्थियों को अपने रिजल्ट का इंतजार है. जैसे ही परीक्षाओं का रिजल्ट जारी किया जाएगा विद्यार्थी अपनी आगे की पढ़ाई शुरू करेंगे. हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से रिजल्ट के बारे में एक जानकारी साझा की गई है.

इस दिन आएगा परीक्षा परिणाम
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का सीनियर सेकंडरी (12वीं) का परीक्षा परिणाम 14 और सेकंडरी (10वीं) का परिणाम 17 मई को घोषित किया जाएगा. इस बार परीक्षा का आयोजन दो बार करवाया गया हैं. सेकंडरी की परीक्षा में इस बार 3,70663 और सीनियर सेकंडरी की परीक्षा में 2,95,478 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि रिजल्ट में किसी प्रकार की गलती न रहे, इसके लिए उत्तर पुस्तिकाओं को दो बार चेक किया जा रहा है.
डिजिटल मार्कशीट की भी व्यवस्था
बोर्ड की तरफ से 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं फरवरी-मार्च में करवाई गई थी. दूसरी बार परीक्षा 21 अप्रैल से 1 मई तक करवाई गई थी. बोर्ड द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन रिजल्ट के साथ डिजिटल मार्कशीट की व्यवस्था भी की गई है. ऐसे में 12वीं का रिजल्ट 14 मई तथा दसवीं का रिजल्ट 17 मई को जारी किया जाएगा. जैसे ही बोर्ड द्वारा रिजल्ट जारी होगा सभी विद्यार्थी अपना रिजल्ट चेक कर पाएंगे.