चंडीगढ़ | हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की तरफ से माध्यमिक शिक्षा विभाग में कंप्यूटर साइंस विषय में पोस्ट ग्रेजुएट टीचर और हरियाणा विकास एवं पंचायत विभाग में लेक्चरर के पदों के लिए परीक्षाओं की घोषणा कर दी गई है. इस परीक्षा का आयोजन 17 मई को सुबह 10 बजे से और दोपहर में एक बजे से किया जाएगा.

ए- फोर साइज के पेपर पर निकालें एडमिट कार्ड
सभी अभ्यर्थियों को जानकारी दी गई है कि वे राज्य लोक सेवा आयोग की अधिकृत वेबसाइट से परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वह ए-फोर साइज के पेपर पर एडमिट कार्ड निकाल लें, जिससे उनकी पहचान आसानी से हो पाए.
9 मार्च 2026 तक मांगे गए थे आवेदन
हरियाणा माध्यमिक शिक्षा विभाग में कंप्यूटर साइंस (पीजीटी) के 1672 पद (1594 रेस्ट आफ हरियाणा, 78 मेवात कैडर) पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. इसमें 100 अंक का स्क्रीनिंग टेस्ट (दो घंटे) और 150 अंक का सब्जेक्ट नालेज टेस्ट (तीन घंटे) होगा. इन पदों के लिए हरियाणा राज्य लोक सेवा आयोग की तरफ से नौ मार्च 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे.
अब इन पदों के लिए 17 मई को परीक्षा आयोजित होने जा रही है. परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी कमीशन की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं.