महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि महेंद्रगढ़ जिले के अटेली क्षेत्र के गांव उनिंदा को जल्द ही जलभराव की समस्या से छुटकारा मिलेगा. दरअसल यहां हर बार बारिश के दौरान घरों और गलियों में पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है. अब सिंचाई विभाग ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की है.

महामारी फैलने का खतरा
गांव की भौगोलिक स्थित और रेलवे लाइन के नीचे बनी पुलिया से आने वाला बारिश का पानी हर साल गांव की बस्ती में घुस जाता है. इससे कई दिनों तक जलभराव बना रहता है और गांव टापू जैसा दिखाई देने लगता है. लगातार पानी भरे रहने के कारण मकानों की नींव कमजोर हो रही है और बीमारियों और महामारी फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है.
इस गंभीर समस्या को लेकर गांव के सरपंच शीशपाल यादव के नेतृत्व में पंचायत प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव से मुलाकात की थी. ग्रामीणों ने मंत्री के सामने जलभराव की समस्या रखी, जिस पर तुरंत एक्शन लेते हुए उन्होंने सिंचाई विभाग को समाधान निकालने के निर्देश दिए.
मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू
मंत्री के निर्देशों के बाद सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर अमित कुमार रघुवंशी अपनी टीम के साथ 7 मई को गांव उनिंदा पहुंचे और मौके पर निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि बारिश मे हालात इतने खराब हो जाते है कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है. अधिकारियों ने भी माना कि गांव में घुसने वाला बारिश का पानी लोगों के लिए खतरा बन चुका है.
निरीक्षण के बाद अधीक्षण अभियंता ने कार्यकारी अभियंता और उपमंडल अधिकारी को तुरंत तकनीकी एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए है. विभाग की ओर इस परियोजना को 58वीं बाढ़ राहत कार्यों की बैठक में मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. योजना को स्वीकृति मिलते ही जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.