चंडीगढ़ | हरियाणा में मौसम शुष्क बना हुआ है. पिछले दिनों हुई बारिश और तेज आंधी के बाद अब गर्मी बढ़ने वाली है. आने वाले दिनों लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त- व्यस्त होने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार 17 से राज्य के कई हिस्सों में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा. दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.

हरियाणा के इन जिलों में चलेगी लू
कल से हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ समेत पश्चिमी जिलों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है. वहीं 18 और 19 मई को लू का दायरा बढ़कर रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह और पलवल तक पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बढ़ती लू की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में न निकलने की सलाह दी है.
लगातार बढ़ेगा तापमान
राज्य में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है. राज्य में सबसे गर्म जिला नूंह रहा है, जहां का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. रोहतक और सिरसा में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक ओर बढ़ोतरी हो सकती है. वहीं दिन के तापमान के साथ रात का तापमान भी बढ़ रहा है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा, जिससे रात में भी गर्मी और उमस बनी रहेगी.
आगे जाने मौसम का मिजाज
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो गया है. 16 मई से 20 मई तक लगातार 5 दिन तक तापमान में भारी उछाल देखने को मिलेगा. इस दौरान मैदानी इलाकों में गर्म पश्चिमी खुश्क हवाएं चलेंगी, जिससे भीषण लू चलने के आसार है. भारतीय मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बढ़ती तपिश को देखते हुए पहले ही येलो अलर्ट जारी कर दिया है.वही 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहेगा. इन नौ दिनों में साल में सबसे अधिक गर्मी पड़ती है.