फरीदाबाद | हरियाणा में फरीदाबाद के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि ओल्ड फरीदाबाद में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बनी पहली मल्टीलेवल कार पार्किंग शुरू हो गई है. खास बात यह है कि शुरुआती चरण में इस पार्किंग का इस्तेमाल पूरी तरह नि:शुल्क रहने वाला है. यह पार्किंग ओल्ड फरीदाबाद मुख्य बाजार के पास बनाई गई है, जहां अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है.

27 महीने बाद शुरू हुई सुविधा
यह मल्टीलेवल पार्किंग करीब 27 महीने की देरी के बाद शुरू हो पाई है. इस पार्किंग का उद्घाटन 24 जनवरी 2024 को किया गया था. इसके बाद, कार पार्किंग के रखरखाव व पार्किंग शुल्क को लेकर सहमति न होने के कारण इसे शुरू नहीं किया गया था. अब ट्रायल और तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है.
इस पार्किंग को आधुनिक सुविधाओं से लैस तैयार किया गया है. इस चार मंजिला पार्किंग में 100 से अधिक गाड़ियां खड़ी हो सकती है. इसमें स्मार्ट सेंटर, ऑटोमैटिक सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले लगाए गए है, जो ड्राइवरों को खाली स्लॉट की जानकारी देंगे.
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
ओल्ड फरीदाबाद बाजार और आसपास के इलाकों में बेशुमार भीड़ होती है और लोग गाड़ियों को सड़कों के किनारे खड़ी कर देते है, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या होती है. यहां दुकानों के अलावा बड़ा निजी अस्पताल भी है, जिसके कारण यहां आने वाले लोग सड़कों पर गाड़ी खड़ी करके निकल जाते है, जिससे आवागमन प्रभावित है. इस नई पार्किंग के शुरू होने से ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा.