फरीदाबाद | ग्रेटर फरीदाबाद में खराब सड़कों की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से टिकावली मोड़ से जाट चौक और भूपानी मोड़ से खेड़ी गांव तक की जर्जर सड़कों को नए सिरे से विकसित करने की योजना पर काम तेजी से शुरू कर दिया है और अगले महीने से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है.

इन सड़कों का होगा पुनर्निमाण
इस योजना के अनुसार, टिकावली मोड़ से जाट चौक और भूपानी मोड़ से खेड़ी गांव मोड़ तक की दो प्रमुख सड़कों को शामिल किया गया है. इन दोनों सड़कों की कुल लंबाई लगभग 10 किलोमीटर है. ट्रैफिक का दबाव अधिक होने और सड़के खराब होने के कारण यहां भारी जाम लगता है. हर रोज हजारों वाहन, स्कूल बसें, ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और अन्य व्यापारिक वाहन यहां से गुजरते है. सड़कों पर जगह- जगह गहरे गढ्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. मानसून के दौरान तो यहां पानी भर जाता है, जिससे गढ्ढे दिखाई नहीं देते और कई हादसे हो जाते है.
किए जाएंगे यह काम
FMDA ने सड़क संरचना को मजबूत करने के लिए पूरी बारिकी से काम शुरू करने का फैसला किया है, जिसमें सड़क की री – कारपेटिंग, टूट हुए हिस्सों की मरम्मत, जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सुधार, DBM और BC तकनीक से नई लेयर बिछाना, सड़क किनारों पर कंक्रीट शोल्डर और आवश्यक स्थानों पर पैचवर्क जैसे कार्य किए जाएंगे. FMDA अधिकारियों का कहना है कि निर्माण गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सड़कें जल्दी खराब न हो.
FMDA ने इस पूरे प्रोजेक्ट को 5 महीने में पूरा करने का लक्ष्य तय किया है. हालांकि, मुख्य कैरिजवे का काम 2 महीने के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए है ताकि लोगों को लंबे समय तक ट्रैफिक जाम का सामना न करना पड़े. वहीं, निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी.