रोहतक | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में आगामी गर्मी की छुट्टियों में हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत और ठंडी वादियों में घूमने की योजना बना रहे लोगों को रोडवेज विभाग ने एक शानदार तोहफा दिया है.

शिमला के लिए सीधी बस सेवा शुरू
रोडवेज डिपो, रोहतक ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को बड़ी सुविधा प्रदान की है. समर वेकेशन में अपनी फैमिली के साथ शिमला घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह सीधी बस सेवा काफी फायदेमंद साबित होगी. आज रोहतक बस स्टैंड के काउंटर नंबर 8 से पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और रोडवेज महाप्रबंधक नवीन कुमार ने इस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
यह रहेगा शेड्यूल
यह बस रोहतक बस स्टैंड से रोजाना सुबह 10.05 बजे रवाना होगी. यह बस रोहतक से वाया पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, पिंजौर, कालका, सोलन और धर्मपुर होते हुए शिमला की दूरी तय करेगी. इस बस में प्रति व्यक्ति यात्री किराया 581 रुपए निर्धारित किया गया है.
शिमला के लिए सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के शुभ अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों में हिमाचल प्रदेश की ठंडी वादियों में घूमने के इच्छुक लोगों के लिए यह बेहतर यातायात विकल्प साबित होगा. लोगों को बीच रास्ते बार-बार बस बदलने के झंझट से छुटकारा मिलेगा. उन्होंने कहा कि रोडवेज विभाग द्वारा यात्रियों को निरंतर नई सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है ताकि उन्हें आरामदायक सफर की सुविधा मिल सके. यदि यात्रियों की भीड़- भाड़ ज्यादा रहती है तो इस रूट पर एक और नई बस शुरू करने पर विचार किया जा सकता है.