चंडीगढ़ | हरियाणा के सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में कल हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक आयोजित हुई जिसमें कई विभागों की जरूरतों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जनता का हर रुपया जवाबदेही के साथ खर्च किया जाएगा और किसी तरह की हेरा-फेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

252 करोड़ के खरीद प्रस्तावों को मंजूरी
हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में प्रदेश सरकार ने सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता और खर्च में बचत को लेकर बड़ा संदेश दिया है. राज्य में विभिन्न विभागों के लिए करीब 252 करोड़ रुपये की खरीद संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए सरकार ने साफ किया कि अब केवल खरीद करना ही लक्ष्य नहीं होगा, बल्कि कम कीमत में बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता रहेगी.
प्रस्ताव को मिली मंजूरी
बैठक में पुलिस विभाग के लिए आधुनिक सुरक्षा उपकरण खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. सुरक्षा उपकरणों की खरीद में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों को विशेष प्राथमिकता दी गई है. बैठक में सबसे बड़ा खर्च बिजली ढांचे को मजबूत करने से जुड़ा रहा. दक्षिण और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगमों के लिए लगभग 175 करोड़ रुपये की लागत से बड़ी मात्रा में रैबिट कंडक्टर खरीदने को मंजूरी दी गई है. इससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने और तकनीकी खामियों को कम करने में मदद मिलेगी.
बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क से जुड़े 5 प्रकार के 132/66 kV सीएंडआर पैनल्स की खरीद को भी मंजूरी दी गई है. वहीं, साथ ही परिवहन विभाग की साधारण, एसी और मिनी बसों के साथ ड्राइवर ट्रेनिंग स्कूल की बसों के बीमा प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है.