फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (FMDA) ने NIT क्षेत्र में लंबे समय से चल रही पानी की किल्लत को दूर करने के लिए तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत वाले नए वॉटर बूस्टर स्टेशन प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है. अब इस प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

बनेगा वॉटर बूस्टर
यह नया वॉटर बूस्टर स्टेशन बाजड़ी गांव में लगभग 5 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा. इस परियोजना के तहत मंझावली रेनीवेल से सीधे बाजड़ी तक नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिससे NIT विधानसभा क्षेत्र में पानी की सप्लाई मजबूत होगी. बाद में इस बूस्टर को क्षेत्र के छोटे -छोटे बूस्टर स्टेशनों से जोड़ा जाएगा, ताकि अलग- अलग कॉलोनियों और सेक्टरों में पर्याप्त पानी पहुंच सके.
इसके लिए NIT के विधायक सतीश फागना ने हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र में पानी के असमान वितरण और गंभीर पेयजल संकट का मुद्दा उठाया था. उन्होंने बताया कि NIT क्षेत्र में जरूरत के मुकाबले कम पानी पहुंच रहा है. इसके बाद, मुख्यमंत्री ने FMDA और नगर निगम अधिकारियों को समान रूप से पानी वितरण करने के निर्देश दिए है.
5 लाख से अधिक आबादी
MLA ने बताया कि NIT विधानसभा क्षेत्र में लगभग 5 लाख से अधिक लोग रहते है. यहां प्रतिदिन 60 MLD पानी की जरूरत है, लेकिन फिलहाल केवल 30 MLD पानी ही उपलब्ध हो पा रहा है. इसी कारण गर्मियों में कई इलाकों में पानी की भारी किल्लत देखने को मिलती है. नगर निगम ने पानी की कमी को पूरा करने के लिए लगभग 150 ट्यूबवेल लगाए थे, लेकिन इनमें से कई सूख चुके है. इसके कारण ज्यादातर लोगों को टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है.