चंडीगढ़, ISRO | हरियाणा के मेधावी छात्रों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि अब राज्य के सरकारी और PM श्री स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थानों को भ्रमण करने का मौका मिलेगा. इसके तहत चुने गए विद्यार्थियों को इसरो की प्रयोगशालाओं, सैटेलाइट तकनीक, रॉकेट लॉन्च सिस्टम और स्पेस रिसर्च से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं को नजदीक से देखने का मौका मिलेगा. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाना है.

इन प्रमुख केंद्रों का होगा भ्रमण
इस पहल के तहत, चयनित विद्यार्थियों को इसरो के 9 प्रमुख केंद्रों में भेजा जाएगा. इसमें U R राव सैटेलाइट सेंटर बेंगलुरु, स्पेस एप्लीकेशन सेंटर अहमदाबाद, सतीश धवन स्पेस सेंटर श्रीहरिकोटा, विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर तिरूवनंतपुरम, फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी, नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर हैदराबाद, इंडियन इंस्टीट्यूट आफ रिमोट सेंसिंग देहरादून, ह्यूमन स्पेस फ्लाइट सेंटर बेंगलुरु और इसरो प्रोपल्शन कांप्लेक्स तमिलनाडु सहित कई संस्थानों का भ्रमण शामिल है.
प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चुनाव
संपूर्ण शिक्षा कार्यक्रम के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को चयनित किया जाएगा. वहीं, PM श्री स्कूलों के 10वीं और 11वीं विज्ञान वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों भ्रमण करने का मौका मिलेगा. इसमें उन विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो विज्ञान विषयों में बेहतर प्रदर्शन करते हो और जिनमें तार्किक सोच, नवाचार क्षमता एवं सीखने की जिज्ञासा हो.
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल विभाग चयन प्रक्रिया पूरी कर रहा है. जल्द ही दौरे की अंतिम तिथि, बैचवार कार्यक्रम और किस जिले के बच्चे कब जाएंगे इसकी संपूर्ण जानकारी जारी करेगा. इसके साथ ही, प्रत्येक जिले के ऐसे एक पुरुष और एक महिला विज्ञान शिक्षक को भी इस शैक्षणिक भ्रमण में शामिल किया जाएगा जो विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर परिणाम दिलाने में सहायक है.