भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की तरफ से हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) की परीक्षा तिथि का ऐलान कर दिया गया है. अगर आप भी हरियाणा में शिक्षक बनना चाहते हैं तो आपको यह परीक्षा पास करनी होगी. आपको बता दें कि एचटेट परीक्षा 13 और 14 जून को पूरे प्रदेश में आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 825 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे.

HTET परीक्षा तिथि जारी
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने परीक्षा में नकल और पेपर लीक रोकने के लिए इस बार स्पेशल इंतजाम किए हैं. प्रश्न-पत्रों पर क्यूआर कोड और अल्फा-न्यूमेरिक नंबर मौजूद होंगे, जिससे कोई भी पेपर अगर केंद्र से बाहर आता है तो हेड ऑफिस को तुरंत जानकारी मिल जाएगी. यदि कोई उम्मीदवार ओएमआर शीट में 20 से ज्यादा प्रश्न खाली छोड़ता है तो परीक्षा रद्द हो जाएगी.
परीक्षा का शेड्यूल
सभी केंद्रों पर हाई सिक्योरिटी कैमरे स्थापित किए जाएंगे. 13 जून को दोपहर 3 से 5:30 बजे तक स्तर- 1, 14 जून को सुबह 10 से 12:30 बजे तक स्तर- 2 व दोपहर 3 से 5:30 बजे तक स्तर- 3 की परीक्षा का आयोजन होगा. उम्मीदवार काफी लम्बे समय से इस परीक्षा का इंतजार कर रहे थे. अब जाकर परीक्षा तिथि का ऐलान हुआ है.
बायोमैट्रिक सत्यापन
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पहले केंद्र पहुंच जाना होगा. एंट्री से पहले बायोमैट्रिक सत्यापन किया जाएगा. सोमवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. पवन कुमार ने परीक्षा की तिथियों का ऐलान किया. तीन सेशन में होने वाली तीन लेवल की परीक्षाओं में 825 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 2.45 लाख परीक्षार्थी परीक्षा देंगे.