नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सड़क दुर्घटनाओं पर तुरंत अपडेट करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने दिल्ली- NCR के 11 बड़े हाईवे और एक्सप्रेसवे कॉरिडोर पर आधुनिक वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम (VIDS) लगाने का फैसला किया है. इसका उद्देश्य सड़क हादसों की तुरंत पहचान करना और कम समय में राहत व बचाव करना है.

रियल टाइम में होगी दुर्घटना की पहचान
इस योजना से एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) अधिक प्रभावशाली बनेगा. वहीं वीडियो कैमरा आधारित सिस्टम रियल टाइम में दुघटनाओं को पहचान कर उसकी सूचना कंट्रोल रूम को देगा. केवल 1033 नंबर पर कॉल करने से ही दुर्घटना की सूचना प्राप्त होती है, जिससे कई बार पहुंचने में देरी होती है. इसीलिए NHAI ने इस सिस्टम को अपनाने का फैसला लिया है.
इस सिस्टम में AI आधारित हाई रिजॉल्युशन कैमरे और सेंसर लगाए जाएंगे, जो सड़क पर दुर्घटना, वाहन खराब होने, आग लगने, गलत दिशा में वाहन चलने या ट्रैफिक जाम जैसी घटनाओं को तुरंत पहचान लेंगे और जैसी ही कोई दुर्घटना होगी, तुरंत कंट्रोल रूम को अलर्ट मिल जाएगा. इससे तुरंत इमरजेंसी सेवाएं वहां पहुंचा दी जाएगी.
इन कॉरिडोर को किया शामिल
दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेसवे
सराय काले खां- गाजीपुर बॉर्डर, 8 किलोमीटर.
गाजीपुर बॉर्डर से डासना, 19 किलोमीटर.
डासना से हापुड़ बाईपास, 12 किलोमीटर
डासना से मेरठ, 32 किलोमीटर
देहरादून एक्सप्रेसवे
अक्षरधाम से लोनी बॉर्डर, 15 किलोमीटर
लोनी बॉर्डर से बागपत ईपीई तक, 17 किलोमीटर
दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे
डीएनडी से जैतपुर, 9 किलोमीटर.
जैतपुर से फरीदाबाद सेक्टर- 62/ 65, 24 किलोमीटर.
NH- 28A : राजीव चौक से गुरुग्राम, 9 किलोमीटर.
NH- 48 : दिल्ली- गुरुग्राम- कोटपुतली, 63 किलोमीटर.
धारूहेड़ा – भिवानी लिंक रोड, 5 किलोमीटर.