चंडीगढ़ | बढ़ती गर्मी और बिजली मांग को देखते हुए बिजली विभाग ने अपील जारी की है. दरअसल गर्मी के मौसम में हो रही बिजली कटौती को देखते हुए विभाग ने जनता से अपील की है कि शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी विद्युत उपकरणों के उपयोग से बचे. अचानक बढ़ती मांग को लेकर बिजली विभाग परेशान है, क्योंकि मांग बढ़ने के कारण अघोषित कटौती और ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है.

AC का तापमान
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस समय अवधि में घरेलू और व्यावसायिक बिजली खपत सबसे अधिक रहती है. ऐसे में यदि उपभोक्ता वाशिंग मशीन, वॉटर पंप, गीजर और अन्य अधिक बिजली खपत करने वाले उपकरणों का इस्तेमाल कम करें, तो बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी और अनावश्यक कटौती से बचा जा सकेगा.
बिजली विभाग ने एयर कंडीशनर (AC) का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रखने की भी सलाह दी है. अधिकारियों का कहना है इससे बिजली की खपत में कमी आएगी और ग्रिड पर पड़ने वाला दबाव कम होता है.
आम जनता को SMS भेजकर अपील
विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को मोबाइल पर SMS भेजकर एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाते हुए घरों में बेवजह चल रहे बिजली उपकरणों को बंद करने, घरों व दुकानों में लगे एसी को जरूरत के हिसाब से चलाएं. इससे बिजली की खपत कम होने के साथ ही ट्रांसफार्मर भी सुरक्षित रहेंगे. विभाग ने जनता से ऊर्जा संरक्षण में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पीक ऑवर्स के दौरान बिजली का समझदारी से उपयोग न केवल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि भविष्य में निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा.