चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने परिवार पहचान पत्र (PPP) से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे नागरिकों को बड़ी राहत दी है. बता दें कि Family id में आय संबंधी त्रुटियों या अन्य सुधारों के लिए लोगों को अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. सरकार ने PPP पोर्टल पर ‘ADC – to- Citizen Meeting Scheduling’ के लिए नई डायरेक्ट SMS सुविधा शुरू की है.

इस व्यवस्था के तहत अब अतिरिक्त उपायुक्त संबंधित मामलों की समीक्षा करने के बाद सीधे नागरिकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश भेजकर बैठक की तारीख और समय की जानकारी देंगे.
मोबाइल नंबर पर तुरंत भेजा जाएगा SMS
PPP स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि पहले फैमिली आईडी से जुड़ी शिकायतों और अपीलों के निस्तारण में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. कई बार अधिकारियों द्वारा बैठक तय किए जाने के बावजूद नागरिकों को समय पर इसकी सूचना नहीं मिल पाती थी, जिससे उनके मामलों के समाधान में देरी होती थी.
नई व्यवस्था के तहत जैसे ही किसी शिकायत या अपील पर बैठक निर्धारित होगी, संबंधित नागरिक के मोबाइल नंबर पर तुरंत SMS भेजा जाएगा. इस संदेश में बैठक की तारीख, समय और साथ लाए जाने वाले जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी.
डॉ. खोला ने कहा कि इस पहल से प्रशासन और आम जनता के बीच सीधी बातचीत स्थापित होगी. इससे लोगों का समय बचेगा, सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ेगी और कार्यों के निपटारे में तेजी आएगी. उन्होंने यह भी कहा कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज रहने से अधिकारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी.
मोबाइल नंबर जांच की अपील
इसके साथ ही सरकार ने राज्यवासियों से अपील की है कि वे अपनी Family id में दर्ज मोबाइल नंबर की जांच अवश्य करे. यदि मोबाइल नंबर बंद हो चुका है या गलत दर्ज है, तो बैठक संबंधी SMS प्राप्त नहीं हो पाएगा और कार्य प्रभावित हो सकता है. इसीलिए नागरिकों को जल्द से जल्द अपना सक्रिय मोबाइल नंबर PPP पोर्टल पर अपडेट करने की सलाह दी गई है.