रेलवे ने बदले ट्रेन नंबर, राजस्थान-हरियाणा के यात्रियों को राहत; देखें नया शेड्यूल

नई दिल्ली | रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने जिन ट्रेनों को पहले स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया था, उन्हें अब नियमित ट्रेन के रूप में नए नंबरों के साथ संचालित करना शुरू कर दिया है. उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार 1 जून से कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को स्थायी रूप से नियमित कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को आने वाले समय में बेहतर सुविधा मिलेगी. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेन नंबर 04801/ 04802 सीकर- जयपुर- सीकर स्पेशल रेलसेवा को अब नियमित डेमू सेवा के रूप में चलाया जा रहा है. नई व्यवस्था के तहत ट्रेन नंबर 74835 सीकर-जयपुर प्रतिदिन डेमू सुबह 7:30 बजे सीकर से रवाना होकर 10:20 बजे जयपुर पहुंचेगी.

Indian Railways Train 1

जयपुर- सीकर डेमू

ट्रेन नंबर 74836 जयपुर- सीकर डेमू शाम 7:35 बजे जयपुर से चलकर रात 10:10 बजे सीकर पहुंचेगी. यह ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी और इसमें आठ डिब्बों वाला डेमू रैक लगाया जाएगा. ट्रेन नंबर 09733/ 09734 जयपुर-भिवानी-जयपुर स्पेशल रेलसेवा को अब गाड़ी संख्या 59709 और 59710 के रूप में नियमित फास्ट पैसेंजर सेवा बना दिया गया है. जयपुर- भिवानी फास्ट पैसेंजर सुबह 7 बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे भिवानी पहुंचेगी. वहीं, वापसी में भिवानी- जयपुर फास्ट पैसेंजर शाम 4:25 बजे चलकर रात 11:25 बजे जयपुर पहुंचेगी.

रींगस- रेवाड़ी सेवा

रेलवे ने रेवाड़ी और रींगस के बीच चलने वाली स्पेशल रेलसेवा को भी नियमित रूप दिया है. गाड़ी संख्या 59633 रेवाड़ी- रींगस द्वि- साप्ताहिक रेलसेवा 6 जून से प्रत्येक शनिवार और रविवार को चलेगी. यह ट्रेन सुबह 11 बजे रेवाड़ी से रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 59634 रींगस- रेवाड़ी सेवा दोपहर 2:55 बजे चलकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. एक अन्य बड़े बदलाव के तहत फुलेरा- जयपुर रेलसेवा का विस्तार रेवाड़ी तक कर दिया गया है. अब गाड़ी संख्या 59630 फुलेरा-रेवाड़ी प्रतिदिन सुबह 7:25 बजे फुलेरा से रवाना होकर दोपहर 2 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी. वहीं, गाड़ी संख्या 59629 रेवाड़ी- फुलेरा सेवा दोपहर 3 बजे रेवाड़ी से चलकर रात 9:20 बजे फुलेरा पहुंचेगी.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन रेल सेवाओं को नियमित किए जाने से राजस्थान और हरियाणा के हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा. रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए अब सफर पहले से अधिक आसान और आरामदायक हो जाएगा.

Avatar of Puja Kumari
Puja Kumari
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.