रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी रेलवे जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई विकास और निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं. आने वाले समय में यहां यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा लेकिन लंबी दूरी की नई ट्रेनों के संचालन की उम्मीद फिलहाल पूरी होती नजर नहीं आ रही है. जयपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले रेवाड़ी जंक्शन पर वाशिंग लाइन स्थापित करने की अभी कोई योजना नहीं है.

शनिवार को जंक्शन पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे जयपुर मंडल के डीआरएम रवि जैन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल रेवाड़ी में वाशिंग लाइन बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है. ऐसे में बिहार, उत्तर प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड जैसे राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को अभी भी दिल्ली या जयपुर से ही ट्रेन पकड़नी पड़ेगी.
वाशिंग लाइन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वाशिंग लाइन किसी भी स्टेशन के लिए महत्वपूर्ण सुविधा होती है. इसके माध्यम से लंबी दूरी से आने वाली ट्रेनों की सफाई और रखरखाव किया जाता है. साथ ही, नए रूटों पर ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ जाती हैं. वर्तमान में उत्तर पश्चिम रेलवे की वाशिंग लाइन जयपुर में स्थित है जबकि दिल्ली मंडल की वाशिंग लाइन दिल्ली में है. रेवाड़ी, धारूहेड़ा, बावल, नीमराना, कोसली और झाड़ली जैसे क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं जिन्हें रोजगार, व्यापार और अन्य कारणों से देश के विभिन्न हिस्सों में यात्रा करनी पड़ती है.
आरक्षण मिलना मुश्किल
इन इलाकों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं जहां उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, असम और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के लाखों लोग कार्यरत हैं. यात्रियों का कहना है कि रेवाड़ी से लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षण मिलना मुश्किल होता है क्योंकि अधिकांश ट्रेनें दिल्ली और जयपुर से ही भरकर आती हैं. सामान्य श्रेणी के डिब्बों में भी चढ़ना कई बार चुनौती बन जाता है. ऐसे में लंबे समय से रेवाड़ी में वाशिंग लाइन स्थापित करने की मांग उठ रही है.
अन्य सुविधाओं का विस्तार
यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे स्टेशन पर अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 8 तक आने- जाने को आसान बनाने के लिए रैंप, लिफ्ट और एस्केलेटर का निर्माण किया जा रहा है. इन सुविधाओं से बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा. फिलहाल, रेलवे का पूरा ध्यान इन बुनियादी सुविधाओं को जल्द पूरा करने पर है. अधिकारियों का दावा है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद रेवाड़ी जंक्शन पर यात्रियों का सफर पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो जाएगा. हालांकि, लंबी दूरी की नई ट्रेनों की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों को अभी कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है.