हिसार | शहरवासियों और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज आने- जाने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. दरअसल, रोडवेज विभाग ने दूसरे चरण में बस स्टैंड से अग्रोहा धाम और अग्रोहा मेडिकल तक ई- बस सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है. इस रूट पर यात्री मात्र 45 रुपये के किराए में प्रदूषण मुक्त और AC सफर का लाभ उठा सकेंगे.

ई- बस डीआई केशव कुमार के अनुसार, राजगढ़ रोड स्थित गंगवा में निर्माण कार्य चलने के कारण फिलहाल बस को गंगवा की बजाय आजाद नगर तक ही चलाने का फैसला लिया गया है. हालात सामान्य होने के बाद आगे की व्यवस्था पर निर्णय लिया जाएगा.
संख्या बढ़ने की संभावना
रोडवेज विभाग और संबंधित कंपनी के अनुसार किराया पूरी तरह दूरी के आधार पर तय किया गया है. पहले 1 से 5 किलोमीटर तक का किराया 10 रुपये रखा गया है. इसके बाद, हर अतिरिक्त 3 किलोमीटर की दूरी पर 5 रुपये किराए में जुड़ेंगे.
बस स्टैंड से अग्रोहा मेडिकल तक का अधिकतम किराया 45 रुपये निर्धारित किया गया है. बीच के स्टॉपेज का किराया भी जल्द सार्वजनिक किया जाएगा जिसके लिए प्रस्ताव चंडीगढ़ मुख्यालय भेजा गया है. फिलहाल, शहर में बस स्टैंड से आधार हॉस्पिटल और बस स्टैंड से गंगवा तक ई- बसें संचालित हो रही हैं. अभी 5 ई- बसें सेवा दे रही हैं और आने वाले समय में इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है.
11 स्टॉपेज से होकर गुजरेगी ई- बस
बस स्टैंड, सिविल हॉस्पिटल, सिरसा बाइपास, बगला मोड़, साउथ बाइपास मोड़, चौथा मील, इंदूर, दुर्जनपुर, चिकनवास, अग्रोहा मोड़, अग्रोहा धाम और अंतिम स्टॉपेज अग्रोहा मेडिकल रहेगा.
जान लें जरूरी नियम
- ई- बस में किसी भी प्रकार का पास मान्य नहीं होगा. हैप्पी कार्ड, बुजुर्ग पास, एनसीएमसी कार्ड, स्टूडेंट पास और दिव्यांग पास के आधार पर मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी.
- रोडवेज कर्मचारी और पुलिस-प्रशासनिक स्टाफ सहित किसी भी श्रेणी को विशेष छूट नहीं मिलेगी. सभी यात्रियों को पूरा टिकट लेना होगा.
- सामान्य रोडवेज बसों में 5 साल तक के बच्चों का सफर मुफ्त होता है, लेकिन ई-बस में 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए आधा किराया देना होगा.
- बस में सफर के लिए केवल निर्धारित टिकट या पूरा भुगतान ही मान्य होगा.